फैक्ट चेक: सहारनपुर के वायरल वीडियो को सांप्रदायिक रंग देना भ्रामक, जांच में सामने आई असली वजह

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की है, जहां एक बेटे ने अपने पिता की कथित तौर पर इसलिए पिटाई कर दी क्योंकि उन्होंने अपनी बहू के साथ “गंदी हरकत” की थी।

इतना ही नहीं, कई सोशल मीडिया यूज़र्स इस वीडियो को धर्म विशेष से जोड़कर भी साझा कर रहे हैं, जिससे इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।

सोशल साइट X (पूर्व ट्विटर) पर वेरिफाइड यूजर मयंक उपाध्याय ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए असभ्य शब्दों का इस्तेमाल कर एक धर्म विशेष को निशाना बनाया।

वहीं, एक अन्य वेरिफाइड यूजर रंजना सिंह ने वायरल वीडियो के हवाले से लिखा, “बताओ चिचा कुटे जा रहे हैं जरूर नेक काम किया होगा इन्होंने… आखिर नूर(दाढ़ी) रखा ही है…

फैक्ट चेक

वायरल वीडियो के दावे की पड़ताल के लिए Times Headline ने वीडियो के प्रमुख फ्रेम निकालकर उनका रिवर्स इमेज सर्च किया।

जांच के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर न्यूज पोर्टल ‘यूपी तक’ द्वारा 9 जून 2026 को साझा किया गया एक वीडियो मिला। पोस्ट में बताया गया था कि:
सहारनपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला VIDEO वायरल! सीसीटीवी में बेटा अपने बुजुर्ग पिता को थप्पड़, मुक्के मारते और गिरेबान पकड़कर झकझोरते दिखा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद की बात सामने आई है।”

आगे की पड़ताल में इस घटना से जुड़ी एनडीटीवी इंडिया की रिपोर्ट भी सामने आई, जो 9 जून 2026 को प्रकाशित हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित मानकमऊ गांव का है।

रिपोर्ट में बताया गया कि बुजुर्ग हाजी तहसीन और उनके बेटे गुल्फिशान के बीच घरेलू विवाद के बाद कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में बेटे को अपने पिता के साथ हाथापाई करते, थप्पड़ मारते और उनका गला पकड़ने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। इस मामले में सहारनपुर पुलिस ने भी जानकारी साझा करते हुए बताया कि: “प्रकरण में थाना कुतुबशेर पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इसके अलावा, Times Headline की थाना कुतुबशेर के इंस्पेक्टर संतोष सिंह से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाला युवक मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि पिता और पुत्र के बीच अब समझौता हो चुका है। हालांकि, पुलिस ने युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।

निष्कर्ष

जांच में स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह घटना किसी कथित “गंदी हरकत” या सांप्रदायिक एंगल से जुड़ी नहीं है। असल में, यह सहारनपुर में पिता और पुत्र के बीच घरेलू और संपत्ति विवाद का मामला है। सोशल मीडिया पर वीडियो को गलत संदर्भ और भ्रामक दावों के साथ साझा कर सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *