फैक्ट चेक: पटना हाई स्कूल में गोलीबारी नहीं, फिल्म शूटिंग का वीडियो भ्रामक दावे के साथ हुआ वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में कुछ हथियारबंद लोग एक स्कूल परिसर में दौड़ते हुए दिखाई देते हैं और बैकग्राउंड में कई बार फायरिंग की आवाजें भी सुनाई देती हैं। इसी वीडियो को शेयर करते हुए कई सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह पटना के एक हाई स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना है और इसे बिहार की कानून-व्यवस्था से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल दावा?

bihar_youth_congress नामक इंस्टाग्राम हैंडल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा,

सरकार से सवाल पूछने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दी जाती है और इधर प्रदेश की राजधानी पटना के एक स्कूल में दिनदहाड़े गोलीबारी हो जाती है। बिहार में सरकार भले ही बदल गई हो, लेकिन कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल अब भी कायम हैं।

वहीं, एक्स (पूर्व ट्विटर) पर MUKESH YADAV नामक यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,

आई ना हमरा बिहार में-जहाँ दिन-दहाड़े स्कूल में सत्ता संरक्षित के गुंडे हथियार लेकर घुस जाते हैं और फायरिंग करते हैं…! अब तो बिहार में स्कूल भी सुरक्षित नहीं है तो बच्चों की सुरक्षा कौन करेगा।

इसके अलावा इंस्टाग्राम और एक्स पर कई अन्य यूजर्स भी इसी दावे के साथ इस वीडियो को लगातार शेयर कर रहे हैं। जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेक

Times Headline ने वायरल वीडियो की पड़ताल की। जांच में पता चला कि वीडियो को जिस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है, वह पूरी तरह भ्रामक है।

जांच के दौरान यही वीडियो एक फेसबुक पोस्ट में मिला, जहां इसे फिल्म की शूटिंग के दौरान रिकॉर्ड किया गया बताया गया है। Jitendra Mohan Pintu Raj नामक फेसबुक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा,

आज पटना हाई स्कूल गर्दनीबाग में एक फिल्म शूटिंग जो वेब सीरीज कहा जाता है वह शूटिंग चल रहा था।

इसके अलावा यूट्यूब पर भी इसी घटना से जुड़ा एक अन्य वीडियो मिला, जिसमें जानकारी दी गई है कि पटना के गर्दनीबाग हाई स्कूल में भोजपुरी फिल्म ‘सम्राट’ की शूटिंग की जा रही थी।

आगे की जांच में पटना पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर भी इस वायरल वीडियो को लेकर स्पष्टीकरण मिला। पुलिस ने साफ किया कि वायरल वीडियो पटना हाई स्कूल, गर्दनीबाग में अधिकृत रूप से हो रही फिल्म शूटिंग का हिस्सा है। इसके लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारी से पहले ही अनुमति ली गई थी।

पटना पुलिस ने अपने बयान में कहा,

सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे वीडियो/फोटो (पटना हाई स्कूल गर्दनीबाग) के संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि यह एक फिल्म की अधिकृत शूटिंग का हिस्सा है, जिसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा पूर्व में विधिवत अनुमति प्रदान की गई थी। उक्त वीडियो/फोटो को भ्रामक तथ्यों के साथ प्रसारित किया जा रहा है, जिससे आमजन के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। आमजन से अनुरोध है कि ऐसी भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। भ्रामक एवं असत्य सूचना प्रसारित कर अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निष्कर्ष

Times Headline की फैक्ट चेक जांच में स्पष्ट हुआ कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो पटना के गर्दनीबाग हाई स्कूल में हुई किसी गोलीबारी की घटना का नहीं है। यह वीडियो एक फिल्म की अधिकृत शूटिंग के दौरान बनाया गया था, जिसे गलत दावे के साथ वायरल कर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। ऐसे में वायरल दावा भ्रामक और तथ्यहीन साबित होता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *