गाज़ा पट्टी में संघर्षविराम के उल्लंघन के बीच इज़रायली सेना की सैन्य कार्रवाई 261वें लगातार दिन भी जारी रही। शनिवार सुबह गाज़ा के मध्य, दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में तोपखाने से गोलाबारी, टैंकों की भारी फायरिंग और सैन्य गतिविधियों की खबरें सामने आईं।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, मध्य गाज़ा स्थित अल-मग़ाज़ी शरणार्थी शिविर के पूर्वी इलाकों को इज़रायली टैंकों और बख्तरबंद वाहनों ने निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। इसी दौरान बख्तरबंद वाहनों और पैदल सेना की टुकड़ियों ने शिविर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक स्थानीय निवासी के घर को चारों ओर से घेर लिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान इलाके में लगातार भारी गोलीबारी होती रही।
वहीं, दक्षिणी गाज़ा के खान यूनिस में भी सैन्य कार्रवाई तेज़ रही। इज़रायली तोपखाने ने शहर के दक्षिणी क्षेत्रों पर गोलाबारी की, जबकि शहर के पूर्वी हिस्से में तैनात टैंकों ने भारी फायरिंग की।
इसके अलावा उत्तरी गाज़ा के जबालिया शरणार्थी शिविर में भी इज़रायली बख्तरबंद वाहनों ने सीमित स्तर पर घुसपैठ की। इस दौरान पूरे इलाके में भारी गोलीबारी की सूचना मिली। शनिवार सुबह सामने आई इन घटनाओं से स्पष्ट है कि गाज़ा के अलग-अलग हिस्सों में सैन्य गतिविधियां लगातार जारी हैं और कई क्षेत्रों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
