सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे मुहर्रम के जुलूस से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि “मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक व्यक्ति को ज़िंदा जला दिया गया।” इस दावे के साथ कई यूजर्स सांप्रदायिक टिप्पणियां भी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर वेरिफाइड यूजर हिंदुत्व विजिलेंट ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि, “भारत में मुसलमान मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक आदमी को ज़िंदा जला रहे हैं“
वहीं, एक अन्य वेरिफाइड यूजर द अल्टरनेटिव मीडिया ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “ऑनलाइन वायरल हो रहे एक वीडियो में कथित तौर पर मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक व्यक्ति को आग के हवाले करते हुए दिखाया गया है। एक अन्य वीडियो में मुस्लिम समुदाय के लोग AK-47 जैसे हथियार लिए हुए दिखाई दे रहे हैं।“
इसके अलावा भी कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसी तरह के दावों के साथ वीडियो को साझा किया।
फैक्ट चेक
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए Times Headline ने वीडियो के प्रमुख फ्रेम निकालकर उनका रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच के दौरान यही वीडियो एक मीडिया रिपोर्ट में मिला।
27 जून 2026 को प्रकाशित देन काशी की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना उत्तर प्रदेश के देवरिया की है। रिपोर्ट में बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय रोड पर मुहर्रम के जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकाले जा रहे थे। इसी दौरान 5 स्टार क्लब अखाड़ा का खिलाड़ी सद्दाम, पुत्र सहरयार खान, निवासी बांस देवरिया, करतब दिखा रहा था। प्रदर्शन के दौरान वह अचानक आग की चपेट में आकर झुलस गया। मौके पर मौजूद अखाड़े के अन्य सदस्यों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस के अनुसार युवक की हालत सामान्य है और किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बावजूद मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्वक जारी रहा।
जांच के दौरान Public न्यूज ऐप पर भी इसी घटना से जुड़ी रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, देवरिया शहर के मालवीय रोड पर मुहर्रम जुलूस के दौरान करतब दिखाते समय एक युवक झुलस गया था। पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय सद्दाम, जो 5 स्टार क्लब अखाड़ा का खिलाड़ी है, करतब के दौरान हादसे का शिकार हुआ। अखाड़े के सदस्यों ने तत्काल आग पर काबू पाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक की स्थिति सामान्य है तथा घटना में किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
इसके अलावा दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में भी इस घटना का विस्तृत विवरण प्रकाशित किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, सद्दाम खान फाइव स्टार क्लब की ओर से ताजिया जुलूस में करतब दिखा रहे थे। वह एक लोहे के ड्रम के भीतर प्रदर्शन कर रहे थे, तभी ड्रम में लगी आग उनके कपड़ों तक पहुंच गई, जिससे वह झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों और अखाड़े के सदस्यों ने तुरंत आग बुझाई और उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। क्षेत्राधिकारी नगर संजय रेड्डी ने भी पुष्टि की कि यह एक आकस्मिक हादसा था और जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा रहा था।
जांच के दौरान X पर देवरिया पुलिस के आधिकारिक हैंडल से भी इस घटना को लेकर जारी किया गया बयान मिला। पुलिस ने बताया, “थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत मालवीय रोड पर अखाड़ा 5-स्टार क्लब का एक खिलाड़ी करतब दिखाने के दौरान झुलस गया, जिसे अखाड़े के लोगों द्वारा तत्परता से बचा लिया गया और प्राथमिक उपचार कराया गया, स्थिति सामान्य है। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।“
निष्कर्ष
Times Headline की फैक्ट चेक जांच में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। वायरल वीडियो में किसी व्यक्ति को मुहर्रम के जुलूस के दौरान जानबूझकर ज़िंदा जलाने की घटना नहीं दिखाई गई है। दरअसल, यह वीडियो उत्तर प्रदेश के देवरिया में मुहर्रम जुलूस के दौरान करतब दिखाते समय हुए एक आकस्मिक हादसे का है, जिसमें खिलाड़ी सद्दाम खान आग की चपेट में आकर झुलस गए थे। समय रहते उन्हें बचा लिया गया और उनकी हालत सामान्य बताई गई। इसलिए वीडियो के साथ किया जा रहा सांप्रदायिक दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है।







