इस्तांबुल, 14 नवंबर 2026: पश्चिम एशिया में बदलते सुरक्षा हालात के बीच तुर्किये और कतर ने आपसी रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत दोनों देश किसी भी बाहरी सशस्त्र हमले की स्थिति में एकजुट रुख अपनाएंगे और अपनी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आपसी विचार-विमर्श करेंगे।
यह समझौता शुक्रवार, 13 नवंबर को इस्तांबुल के ऐतिहासिक डोलमाबाहचे पैलेस में तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तय्यब एर्दोगन और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के बीच हुई बैठक के दौरान हुआ। दोनों नेताओं ने संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। में कहा कि किसी भी देश पर बाहरी सशस्त्र हमला होने की स्थिति में वे एक साझा रुख अपनाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा खतरों, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों तथा रक्षा नीतियों पर नियमित रूप से विचार-विमर्श करेंगे।
समझौते में संयुक्त सैन्य अभ्यास, रक्षा उद्योग में सहयोग और सैन्य कर्मियों के प्रशिक्षण एवं आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की बात भी शामिल है। तुर्किये और कतर के बीच 12वीं सुप्रीम स्ट्रैटेजिक कमेटी की बैठक के दौरान कुल पांच समझौतों और सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए।

बैठक के दौरान राष्ट्रपति एर्दोगन ने कहा कि तुर्किये और कतर खाड़ी क्षेत्र में दोबारा युद्ध की स्थिति पैदा होने से रोकने और बातचीत के जरिए शांति स्थापित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
दोनों नेताओं ने गाजा की स्थिति, मानवीय सहायता, सीरिया में सामान्यीकरण की कोशिशों और लीबिया के घटनाक्रम पर भी चर्चा की। इसके साथ ही दोनों देशों ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, विशेष रूप से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) के व्यापार को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
यह समझौता तुर्किये और कतर के बीच पहले से मौजूद रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दोनों देश रक्षा उद्योग, ऊर्जा, व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, समझौते की विस्तृत शर्तें और किसी हमले की स्थिति में सैन्य कार्रवाई की वास्तविक प्रक्रिया सार्वजनिक नहीं की गई है।
