इजरायली पाबंदियों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद जुमे को करीब 70 हजार फिलिस्तीनियों ने बैतुल मुक़द्दस अल-अक्सा मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की। नमाजियों की भारी भीड़ मस्जिद के मुख्य परिसर और आसपास के सहन में जमा हुई।
फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी ‘पालइन्फो’ (PIC) के मुताबिक, यरूशलम के इस्लामिक वक्फ विभाग ने नमाजियों की संख्या लगभग 70 हजार बताई है। शुक्रवार, 13 नवंबर को बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी अल-अक्सा मस्जिद पहुंचे।
रिपोर्ट के मुताबिक़, इजरायली सुरक्षा बलों ने यरूशलम के पुराने शहर (ओल्ड सिटी) और अल-अक्सा मस्जिद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। मस्जिद तक पहुंचने वाले रास्तों और प्रवेश द्वारों के आसपास सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। इन प्रतिबंधों के बावजूद हजारों लोगों ने मस्जिद पहुंचकर जुमे की नमाज अदा की।
इस्लामिक वक्फ विभाग के हवाले से आई रिपोर्ट में कहा गया है कि इजरायली अधिकारियों ने लगातार तीसरे साल कब्जे वाले वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी के निवासियों को अल-अक्सा मस्जिद पहुंचने से रोक रखा है। इस कारण मुख्य रूप से यरूशलम और आसपास के इलाकों में रहने वाले फिलिस्तीनी नमाजियों की मौजूदगी दर्ज की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, यरूशलम के स्थानीय लोगों ने अधिक से अधिक संख्या में अल-अक्सा मस्जिद पहुंचने और वहां लगातार अपनी मौजूदगी बनाए रखने की अपील की थी। अल-अक्सा मस्जिद इस्लाम का तीसरा सबसे पवित्र स्थल है। यह यरूशलम के पुराने शहर में स्थित है और फिलिस्तीनियों के धार्मिक एवं ऐतिहासिक जीवन में विशेष महत्व रखती है।
