अमेरिकी यौन अपराधी और मानव तस्कर जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइल्स सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। कई वैश्विक हस्तियों के नाम एपस्टीन से जोड़े जा रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जेफरी एपस्टीन की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं।
वायरल तस्वीर में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि एपस्टीन के कंधे पर पीएम मोदी का हाथ रखा हुआ है। इस फोटो को शेयर करते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी का एपस्टीन के साथ पुराना और करीबी संबंध रहा है।
एक यूजर ने लिखा, की ‘Jeffrey Epstein के साथ मोदी जी का कोई आज का रिश्ता थोड़े ही न है, उसके साथ तो बहुत पुराना और आत्मीय नाता रहा है, ये नाता बहुत सुखद और प्रेरणादायक भी है। जिससे इंडिया का गौरव बढ़ाने का काम किया है।’
एक इंस्टाग्राम यूजर ने इस तस्वीर को शेयर कर सवाल किया है कि, ‘क्या सच है ये मोदी का रिश्ता epstein के साथ ???’
फैक्ट चेक
Times Headline की फैक्ट चेक टीम ने वायरल तस्वीर की जांच की। जांच में पता चला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेफरी एपस्टीन की यह तस्वीर एडिटेड है और इसका वास्तविकता से इसका कोई संबंध नहीं है। हमारी टीम ने वायरल फोटो को दो हिस्सों में विभाजित कर अलग-अलग रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच में सामने आया कि: जेफरी एपस्टीन की जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह न्यूज़ एजेंसी ANI की एक रिपोर्ट में पहले से मौजूद है, जहां इसे फाइल फोटो बताया गया है। इस मूल तस्वीर में पीएम मोदी मौजूद नहीं हैं।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को रिवर्स सर्च करने पर यह फोटो विकिपीडिया, ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेज़न और कई मीडिया रिपोर्ट्स में मिली। अमेज़न पर इसी तस्वीर का वुडन पोर्ट्रेट भी बेचा जा रहा है। इकोनॉमिक टाइम्स और दैनिक भास्कर जैसी प्रतिष्ठित मीडिया संस्थाओं की रिपोर्ट्स में भी यही तस्वीर मौजूद है, लेकिन कहीं भी जेफरी एपस्टीन नजर नहीं आते।
निष्कर्ष
Times Headline के फैक्ट चेक से यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेफरी एपस्टीन की वायरल तस्वीर फर्जी और भ्रामक है। यह फोटो दो अलग-अलग तस्वीरों को जोड़कर बनाई गई है। सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है और लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है।


