फैक्ट चेक: भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने पर रिकी पोंटिंग ने पाकिस्तान का समर्थन किया? जानिए वायरल दावे की सच्चाई

सोशल मीडिया पर एक दावा तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के पाकिस्तान के फैसले को सही ठहराया है। दावा किया जा रहा है कि पोंटिंग ने भारत पर क्रिकेट का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया और यहां तक कह दिया कि क्रिकेट को बचाने के लिए IPL पर बैन लगाया जाना चाहिए।

यह दावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर यूजर शेर खान समेत कई अन्य अकाउंट्स द्वारा रिकी पोंटिंग की तस्वीर के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल दावा?

वायरल पोस्ट में लिखा है कि “वर्ल्ड कप में भारत का बॉयकॉट करने का पाकिस्तान का फैसला बिल्कुल सही है, क्योंकि भारत पिछले एक दशक से क्रिकेट का राजनीतिकरण कर रहा है। ICC भी इसके लिए ज़िम्मेदार है क्योंकि वह इंडियन क्रिकेट काउंसिल की तरह काम कर रहा है। क्रिकेट को बचाने के लिए IPL पर बैन लगा देना चाहिए।

फैक्ट चेक

Times Headline ने इस वायरल दावे की गहराई से जांच की। सबसे पहले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स को खंगाला गया, लेकिन कहीं भी रिकी पोंटिंग के हवाले से ऐसा कोई बयान सामने नहीं आया जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के फैसले का समर्थन किया हो या भारत पर क्रिकेट के राजनीतिकरण का आरोप लगाया हो।

आगे की जाँच के लिए हमारी टीम ने रिकी पोंटिंग के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की गई। वहां भी इस तरह के किसी बयान या विचार का कोई सबूत नहीं मिला।

हालांकि, जांच के दौरान हमें 16 सितंबर 2025 की रिकी पोंटिंग की एक पोस्ट ज़रूर मिली, जिसमें उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि “कि मुझे पता चला है कि सोशल मीडिया पर कुछ कमेंट्स मुझसे जोड़े जा रहे हैं। कृपया जान लें कि मैंने वे बयान बिल्कुल नहीं दिए हैं और सच तो यह है कि मैंने एशिया कप के बारे में कोई पब्लिक कमेंट नहीं किया है।

पोंटिंग का भारत को लेकर असली बयान क्या है?

Times Headline को रिकी पोंटिंग से जुड़ी एक प्रामाणिक खबर मिली, जिसमें उन्होंने भारत के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की थी। पोंटिंग ने कहा था कि अभिषेक शर्मा ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 में शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं और यहां तक कि टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर या प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बन सकते हैं।

यह बयान साफ दिखाता है कि पोंटिंग का रुख भारत के खिलाफ नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के समर्थन में रहा है।

निष्कर्ष

Times Headline के फैक्ट-चेक से यह पूरी तरह स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर रिकी पोंटिंग के नाम से वायरल किया जा रहा दावा पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। रिकी पोंटिंग ने न तो भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर पाकिस्तान का समर्थन किया है और न ही भारत या IPL को लेकर ऐसा कोई विवादित बयान दिया है।

साफ शब्दों में: यह दावा फेक है और लोगों को गुमराह करने के लिए फैलाया जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *