गाज़ा में मदद पर बड़ा संकट: राहत सामग्री ले जाने वाले ट्रकों की संख्या में भारी गिरावट

गाज़ा में मानवीय सहायता को लेकर हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। गाज़ा के Government Media Office ने चेतावनी दी है कि इज़राइल की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से राहत सामग्री लेकर आने वाले ट्रकों की संख्या में “खतरनाक गिरावट” दर्ज की गई है।

Government Media Office के निदेशक इस्माइल अल-थवाब्ता के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से गाज़ा में कुल 1 लाख 31 हजार 400 सहायता ट्रक पहुंचने चाहिए थे, लेकिन अब तक सिर्फ 48 हजार 636 ट्रकों को ही प्रवेश की अनुमति मिली है। यानी जरूरत के मुकाबले केवल 37 प्रतिशत सहायता ही गाज़ा पहुंच पाई है। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि गाज़ा की 63 प्रतिशत से ज्यादा बुनियादी जरूरतें अब भी पूरी नहीं हो पा रही हैं।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, मई 2026 की शुरुआत से 18 मई तक हालात और खराब हुए हैं। इस दौरान 10 हजार 800 ट्रकों के आने की उम्मीद थी, लेकिन सिर्फ 2 हजार 719 ट्रक ही गाज़ा पहुंच सके। इससे सहायता आपूर्ति की दर घटकर केवल 25 प्रतिशत रह गई है।

इस्माइल अल-थवाब्ता ने आरोप लगाया कि भोजन, दवाइयों और राहत सामग्री को राजनीतिक दबाव के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और युद्धविराम समझौते से जुड़े देशों से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही सीमा चौकियों को पूरी तरह खोलने और गाज़ा में राहत सामग्री की सुरक्षित व नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *