नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। काम का प्रेशर, देर तक जागना और सुबह उठकर फिर वही सुस्ती… हम में से 90% लोग इसे ‘स्ट्रेस’ या ‘बढ़ती उम्र’ का बहाना मानकर टाल देते हैं। लेकिन सावधान! यह कोई आम थकान नहीं, बल्कि आपके शरीर के अंदर मच रही एक बड़ी तबाही का शुरुआती अलार्म हो सकता है। यह सब आपके शरीर में विटामिन-बी12 (Vitamin B12) की भारी कमी के कारण हो सकता है।
यह एक ऐसा पावरफुल विटामिन है जो आपकी बॉडी की एनर्जी, दिमागी नस-नस को दुरुस्त रखने और चेहरे का ग्लो बनाए रखने का इंजन है। इसकी कमी आपके शरीर को अंदर ही अंदर खोखला कर देती है।
ये 7 ‘छिपे हुए संकेत’ बताते हैं कि आपका शरीर खतरे में है:-
- 8 घंटे की नींद के बाद भी ‘बैटरी डाउन’ रहना: विटामिन-बी12 शरीर में रेड ब्लड सेल्स बनाता है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन लेकर पूरी बॉडी में सप्लाई करती हैं। जब इस विटामिन की कमी होती है, तो अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचना कम हो जाता है। नतीजा? आप सोकर उठने के बाद भी थके और बेदम महसूस करते हैं।
- बिना बात के चिड़चिड़ापन और डिप्रेशन: अगर आपका मूड अचानक खराब हो जाता है, छोटी बातों पर रोना या गुस्सा आता है, तो इसके जिम्मेदार आप नहीं हैं। यह विटामिन ‘सेरोटोनिन’ (हैप्पी हार्मोन) बनाता है। इसकी कमी होते ही दिमाग में केमिकल्स का संतुलन बिगड़ जाता है और इंसान डिप्रेशन की तरफ खिंचा चला जाता है।
- चीजें भूलना और फोकस न कर पाना: चाबी रखकर भूल जाना, हाल ही में हुई बातें याद न रहना… यह सिर्फ वर्क-लोडेड दिमाग नहीं है। बी12 दिमाग के न्यूरॉन्स की सुरक्षा करता है। इसकी कमी सीधे आपके ब्रेन फंक्शन को धीमा कर देती है।
- चेहरे की रंगत उड़ना और तेजी से बाल झड़ना: क्या आपके होठों पर पपड़ी जम रही है? चेहरा पीला और बेजान पड़ गया है? तकिए पर टूटे हुए बालों का गुच्छा दिख रहा है? यह समय से पहले आने वाला बुढ़ापा नहीं, बल्कि बी12 की कमी है जो आपकी खूबसूरती को छीन रही है।
- हाथ-पैरों में चींटियां चलना या सुन्न पड़ना: बैठे-बैठे अचानक पैर सो जाना, हाथ-पैरों में सुन्नपन आना या सुइयां चुभने जैसी जलन होना एक बेहद गंभीर चेतावनी है। यह कमी सीधे आपकी नसों (Nerves) को डैमेज करना शुरू कर देती है, जो आगे चलकर न्यूरोलॉजिकल बीमारियों का रूप ले लेती है।
- जरा सा चलने पर चक्कर आना और सांस फूलना: खून में ऑक्सीजन की कमी के कारण आपके दिल को दोगुनी तेजी से पंप करना पड़ता है। इसलिए थोड़ा सा सीढ़ी चढ़ने या चलने पर सांस फूलने लगती है, सिर हल्का हो जाता है और चक्कर आने लगते हैं।
- मुंह के बार-बार होने वाले छाले और जीभ की सूजन: अगर आपकी जीभ पर बिना वजह सूजन आ रही है, दर्द हो रहा है या मुंह में बार-बार छाले परेशान कर रहे हैं, तो समझ जाइए कि आपका शरीर पोषण के लिए गुहार लगा रहा है।
रिकवरी प्लान: कैसे करें इस कमी की भरपाई?
विटामिन-बी12 हमारा शरीर खुद नहीं बना सकता, इसलिए इसे डाइट से लेना ही एकमात्र रास्ता है। यह मुख्य रूप से एनिमल बेस्ड फूड प्रोडक्ट्स (पशु जनित खाद्य पदार्थों) में ही पाया जाता है:
नॉन-वेजिटेरियन हैं तो: डाइट में तुरंत अंडा, चिकन और मछली शामिल करें।
डेयरी प्रोडक्ट्स का पावर डोज़: दूध, दही और पनीर का सेवन बढ़ा दें।
वेजिटेरियन लोगों के लिए विकल्प: शाकाहारी लोग फोर्टिफाइड सीरियल्स (अनाज) और सोया मिल्क को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं।
डॉक्टरी सलाह क्यों है जरूरी ?
चूंकि यह विटामिन मुख्य रूप से एनिमल प्रोडक्ट्स में ही प्रचुर मात्रा में होता है, इसलिए शाकाहारी (Vegetarian) लोगों में इसकी कमी का खतरा सबसे ज्यादा होता है। ऐसे लोगों को तुरंत डॉक्टर की सलाह लेकर सप्लीमेंट्स शुरू कर देने चाहिए ताकि समय रहते शरीर को बड़े नुकसान से बचाया जा सके।
