वेस्ट बैंक: वेस्ट बैंक के कई इलाकों में इजरायली कब्जे वाली सेना यानी IOF की छापेमारी और गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी है। शनिवार तड़के अल-बिरेह के अल-अमारी शरणार्थी शिविर में हुई कार्रवाई के दौरान दो फिलिस्तीनी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में एक 15 वर्षीय लड़का भी शामिल है।
फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के मुताबिक, उसके दल ने दोनों घायलों का इलाज किया। 15 वर्षीय लड़के की पीठ में और एक युवक के पैर में गोली लगी थी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
छापेमारी के दौरान इजरायली बलों ने अल-अमारी शिविर से दो युवकों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा रामल्लाह के पश्चिम में स्थित बीतूनिया शहर में भी एक युवक को गिरफ्तार किया गया।
अल-मुघय्यिर गांव के पश्चिमी प्रवेश मार्ग को भी इजरायली बलों ने बंद कर दिया और इलाके में मौजूद फिलिस्तीनी वाहनों की ओर आंसू गैस छोड़ी। इस दौरान कुछ चरवाहों को हिरासत में लिया गया।
जेनिन के दक्षिण में स्थित सनूर कस्बे में भी इजरायली बलों ने छापेमारी की। यहां दो युवकों को गिरफ्तार किया गया और कई फिलिस्तीनी घरों की तलाशी ली गई।
इसके अलावा क़लंदिया शरणार्थी शिविर और कब्जे वाले यरुशलम के उत्तर में स्थित अल-क़ुबैबा कस्बे को भी छापेमारी का निशाना बनाया गया। सालफित के पश्चिम में ब्रुकिन, नाब्लुस के पूर्व में बीत दाजन गांव और जेरिको शहर में भी इजरायली बलों की कार्रवाई की खबर है।
