प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में यूपी एमएलसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। शिक्षक एमएलसी सीट पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि स्नातक सीट पर भी समाजवादी पार्टी (सपा) आगे चल रही है।
पिछले चुनाव में भी समाजवादी पार्टी ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार सपा ने अपने पुराने प्रत्याशियों पर ही भरोसा जताया था। शिक्षक एमएलसी सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा के प्रत्याशी प्रमोद कुमार मिश्रा को प्रथम वरीयता के मतों में 4,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया। वाराणसी में भाजपा के लिए यह नतीजा बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

वाराणसी शिक्षक एमएलसी सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने कुल 10,958 वोट हासिल किए। उन्हें पहले चरण में 6,941 और दूसरे चरण में 4,017 वोट मिले। वहीं, भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को कुल 6,060 वोट मिले। उन्हें पहले चरण में 3,005 और दूसरे चरण में 3,055 वोट प्राप्त हुए।
अन्य प्रत्याशियों में चेतनारायण सिंह को 3,111, डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह को 1,088, सुधांशु शेखर त्रिपाठी को 533, ऋतिका दुबे को 450, संजय राय प्रियदर्शी को 310, धर्मेंद्र कुमार यादव को 182, डॉ. फरीद अंसारी को 152 और अवधेश सिंह को 108 वोट मिले। चुनाव में कुल 1,441 मत अवैध घोषित किए गए।
