रामपुर CRPF कैंप हमले के मामले में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

उत्तर प्रदेश के रामपुर में वर्ष 2007 के सीआरपीएफ (CRPF) कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले में गंभीर आरोपों से बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार, 10 नवंबर को हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पनवड़िया गांव के पास उस समय उन पर गोलियां चलाईं, जब वह अपने बेटे के साथ जा रहे थे।

हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मोहम्मद शरीफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

हाईकोर्ट से राहत और जेल से रिहाई के बाद हुई हत्या
मोहम्मद शरीफ रामपुर के बदनपुरी गांव के निवासी थे। वर्ष 2019 में विशेष अदालत ने उन्हें इस हमले के मामले में दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अक्टूबर 2025 में मामले की सुनवाई के दौरान जांच में गंभीर खामियां और अभियोजन पक्ष के सबूतों में कमियां पाईं। इसके बाद आतंकवाद, हत्या और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों में उन्हें बरी कर दिया गया। हालांकि, प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत उनकी सजा बरकरार रही और उन्हें 10 साल की सजा सुनाई गई। नवंबर 2025 में जेल से रिहा होने के बाद वह अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे।

गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकवादी हमला हुआ था। इस हमले में सीआरपीएफ के सात जवानों और एक रिक्शा चालक समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था और निचली अदालत ने आरोपियों को सजा सुनाई थी।

मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, हत्यारों की तलाश के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *