महाराष्ट्र में 18 वर्षीय मुस्लिम छात्र समीर जब्बार पटेल की पीटकर हत्या, पूर्व BJP नेता गिरफ्तार

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के तुलजापुर में 18 वर्षीय मुस्लिम छात्र समीर जब्बार पटेल की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने तुलजापुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा से जुड़े रहे संतोष देवेिदास कदम सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

रिपोर्टों के मुताबिक, समीर तुलजाभवानी महाविद्यालय में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। 3 नवंबर 2026 को परीक्षा देने के बाद वह अपने चाचा को लाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसे कथित तौर पर कुछ लोग अपने साथ ले गए।

समीर के परिवार की शिकायत के अनुसार, एक लड़की का पीछा करने और उसे परेशान करने के आरोप को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। परिवार ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते समीर के साथ मारपीट की गई।

समीर की मां की शिकायत के मुताबिक, जब परिवार के सदस्य उसे तलाशते हुए संतोष कदम के घर पहुंचे तो वहां समीर के साथ मारपीट की जा रही थी। परिवार ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कुछ लोग उसे अपने साथ दूसरी जगह ले गए।

बाद में समीर गंभीर रूप से घायल अवस्था में भारतिभूवा मठ के नजदीक पार्किंग क्षेत्र में मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इस घटना में समीर के रिश्तेदार अरबाज अफसर सैयद के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संतोष देवेिदास कदम और संजय विलास जाधव को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ हत्या और अपहरण समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किए जाने की खबर है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

समीर की हत्या के बाद स्थानीय स्तर पर न्याय की मांग उठ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *