सात बार के फॉर्मूला-1 विश्व चैंपियन लुईस हैमिल्टन ने मिस्र में राफा क्रॉसिंग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मिस्र की रेड क्रिसेंट टीमों से मुलाकात की और जाना कि युद्ध एवं मानवीय संकट से जूझ रहे ग़ज़ा के लोगों तक राहत सामग्री कैसे पहुंचाई जाती है।
उन्होंने अक्टूबर 2026 में अमेरिका ग्रां प्री से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी दुनिया के विभिन्न संघर्षग्रस्त क्षेत्रों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि फिलिस्तीन, सूडान, सीरिया और कांगो की आज़ादी के लिए आवाज़ उठानी चाहिए। उन्होंने इन क्षेत्रों में शांति कायम होने की उम्मीद भी जताई थी।
हैमिल्टन का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब ग़ज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने की जरूरत बनी हुई है। मिस्र का अल-अरीश शहर राहत सामग्री के भंडारण और उसके समन्वय का प्रमुख केंद्र है।
हैमिल्टन ने रेड क्रेसेंट के कर्मचारियों से मुलाकात की और उनसे जाना कि ग़ज़ा में मानवीय सहायता किस तरह पहुंचाई जाती है तथा राफा क्रॉसिंग के जरिए राहत सामग्री भेजने में किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
308वां राहत काफिला ग़ज़ा के लिए रवाना
मिस्र की रेड क्रेसेंट ने हैमिल्टन के दौरे से एक दिन पहले ग़ज़ा के लिए अपना 308वां राहत काफिला रवाना किया था। इस काफिले में 2,581 टन से अधिक राहत सामग्री शामिल थी। इसमें सर्दियों की बारिश और खराब मौसम से प्रभावित विस्थापित परिवारों के लिए टेंट भी भेजे गए।
मिस्र की रेड क्रेसेंट के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से अब तक मिस्र ग़ज़ा के लिए 10 लाख टन से अधिक मानवीय सहायता पहुंचा चुका है। आपको बता दें कि हैमिल्टन ने 22 अक्टूबर 2026 को अमेरिका ग्रां प्री से पहले ऑस्टिन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिलिस्तीन, सूडान, सीरिया और कांगो की आज़ादी के समर्थन में आवाज़ उठाई थी।
