अंतरराष्ट्रीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में हासिल की 20 प्रतिशत स्कॉलरशिप, ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में दो सप्ताह तक शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगी।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा की छात्रा एंजेल लायबा ने अपनी लेखन प्रतिभा से कश्मीर का नाम रोशन किया है। अशुतोष आर्मी गुडविल स्कूल, बुडकोट की छात्रा एंजेल ने Immerse Education International Essay Writing Competition में 20 प्रतिशत स्कॉलरशिप हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ उन्हें ब्रिटेन की प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में दो सप्ताह के शैक्षणिक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर भी मिला है।
एंजेल लायबा की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि उन्होंने अपनी लेखन क्षमता के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। निबंध लेखन प्रतियोगिता में उनकी सफलता यह दिखाती है कि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बड़े शहरों में रहना ही जरूरी नहीं है। छोटे कस्बों और दूरदराज के इलाकों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय अवसर हासिल कर सकते हैं।

स्कूल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कैम्ब्रिज में दो सप्ताह के दौरान एंजेल को कक्षाओं में भाग लेने, विश्वविद्यालय परिसर देखने और वहां के शैक्षणिक माहौल को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
एंजेल की सफलता कश्मीर की उन छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है, जो शिक्षा, लेखन और शोध के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। उनकी उपलब्धि के पीछे उनकी मेहनत के साथ शिक्षकों और परिवार का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा है।
यह कहानी संदेश देती है कि प्रतिभा किसी भौगोलिक सीमा की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन, मेहनत और अवसर मिलने पर कश्मीर के छोटे से इलाके की छात्रा भी दुनिया के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच सकती है।
