गाज़ा में इज़रायल की दरिंदगी दुनिया से छिपी नहीं है। इसी बीच एक ऐसी ख़बर सामने आई है जिसने पूरी दुनिया मे मिसाल क़ायम कर ली है। इंसानियत और रहमदिली की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। इटली की 75 वर्षीय यूजेनिया ग्रानितो ने ग़ज़ा के जंग से प्रभावित बच्चों के इलाज के लिए अपना 17वीं सदी का पुश्तैनी महल बेचने का फ़ैसला किया है।
यूजेनिया ने ऐलान किया है कि महल की बिक्री से मिलने वाली पूरी रकम अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा संस्था डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (Médecins Sans Frontières) को दान कर दी जाएगी, ताकि ग़ज़ा के घायल और बीमार बच्चों को बेहतर इलाज मिल सके।
दक्षिणी इटली के सालर्नो प्रांत के रोका सिलेंटो में मौजूद यह ऐतिहासिक महल उनके परिवार के पास कई पीढ़ियों से रहा है। इसमें एक पुराना चैपल और विशाल बगीचा भी मौजूद है।

5 नवंबर को वैनिटी फ़ेयर इटालिया को दिए इंटरव्यू में यूजेनिया ने बताया कि वह चाहती हैं कि महल की बिक्री के वक़्त डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स का एक प्रतिनिधि भी नोटरी के पास मौजूद रहे, ताकि दान की रकम का सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सके।
उनकी ख़्वाहिश है कि इस रकम से ग़ज़ा के बच्चों के लिए अस्पताल या दूसरी चिकित्सा सुविधाएं बनाई जाएं। यूजेनिया ने बताया कि ग़ज़ा से आने वाली तस्वीरों, ख़ासकर घायल बच्चों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है।

महल की क़ीमत का अभी आकलन किया जा रहा है, लेकिन उन्होंने अपना इरादा साफ़ कर दिया है कि बिक्री से मिलने वाली पूरी रकम ग़ज़ा के बच्चों के इलाज के लिए दी जाएगी। वाक़ई, इंसानियत की कोई सरहद और कोई मज़हब नहीं होता। एक बुज़ुर्ग महिला का यह क़दम दुनिया को मोहब्बत, रहमदिली और इंसानी हमदर्दी का बड़ा पैग़ाम देता है।
