अमेरिका के कैलिफोर्निया में 16 वर्षीय फिलिस्तीनी-अमेरिकी मुस्लिम छात्र यूसुफ अब्दुल्ला ने कथित धार्मिक और नस्लीय भेदभाव के मामले में स्कूल डिस्ट्रिक्ट के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। छात्र का आरोप है कि फरवरी 2025 में स्कूल के एक शिक्षक ने उसे ‘आतंकवादी’ कहकर अपमानित किया था। उस समय यूसुफ की उम्र महज 14 वर्ष थी।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना Cypress High School में हुई थी। यूसुफ AP English प्रोग्राम में दाखिला नहीं मिलने के बाद इस संबंध में अपने शिक्षक से बातचीत करने पहुंचा था। आरोप है कि शिक्षक ने उससे कहा, ”मैं आतंकवादियों से बातचीत नहीं करता।”
छात्र के वकील का कहना है कि स्कूल के एक काउंसलर ने भी कथित तौर पर इस टिप्पणी को दोहराया। वहीं, असिस्टेंट प्रिंसिपल ने इसे मजाक या सामान्य बोलचाल का वाक्य बताकर मामले को टालने की कोशिश की।

मुकदमे में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल कर्मचारियों ने छात्र की ADHD संबंधी निजी जानकारी दूसरे विद्यार्थियों के सामने उजागर की, जिसके बाद उसे सहपाठियों की कथित चिढ़ाने वाली टिप्पणियों का सामना करना पड़ा।
स्कूल की आंतरिक जांच में भी कथित अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के सबूत मिले थे और इसे स्कूल की नीतियों का उल्लंघन माना गया था। हालांकि, छात्र के वकील का आरोप है कि इसके बावजूद जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कोई ठोस अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई।
फिलहाल यूसुफ दूसरे स्कूल में पढ़ाई कर रहा है। यह मामला ऑरेंज काउंटी सुपीरियर कोर्ट में विचाराधीन है। अदालत के जज ने स्कूल डिस्ट्रिक्ट की मुकदमा खारिज करने की मांग को ठुकरा दिया है, जिससे मामले की कानूनी सुनवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
