दिल्ली की 149 साल पुरानी क़दीमी मस्जिद Places of Worship Act के तहत सुरक्षित, वक़्फ़ बोर्ड ने HC में दी दलील

नई दिल्ली: दिल्ली के कृषि भवन परिसर में स्थित 149 साल पुरानी कदीमी मस्जिद (Qadeemi Masjid) को हटाने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव के खिलाफ दिल्ली वक्फ बोर्ड ने दिल्ली हाईकोर्ट में अपना पक्ष रखा है। सोमवार, 23 नवंबर 2026 को सुनवाई के दौरान वक्फ बोर्ड ने दलील दी कि यह मस्जिद Places of Worship Act, 1991 के तहत संरक्षण की हकदार है और इसके धार्मिक स्वरूप को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

लाइव लॉ और बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, वक्फ बोर्ड ने अदालत को बताया कि इस मस्जिद को 16 अप्रैल 1970 को दिल्ली प्रशासन के आधिकारिक राजपत्र में वक्फ संपत्ति के रूप में अधिसूचित किया गया था। बोर्ड का कहना है कि मस्जिद 15 अगस्त 1947 से पहले भी मौजूद थी और Places of Worship Act की धारा 4(1) के तहत उस समय के इसके धार्मिक स्वरूप को संरक्षण प्राप्त है। बोर्ड ने यह भी कहा कि केवल पुनर्विकास परियोजना का हवाला देकर मस्जिद को हटाने का फैसला नहीं लिया जा सकता।

दरअसल, केंद्र सरकार ने सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत कृषि भवन परिसर में स्थित इस मस्जिद को हटाने की बात कही है। सरकार का तर्क है कि केंद्रीय सरकारी कार्यालय परिसर में स्थायी धार्मिक ढांचे की मौजूदगी सरकारी संपत्ति के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप के अनुरूप नहीं है। वहीं, मस्जिद की देखरेख करने वाली समिति और वक्फ बोर्ड का कहना है कि विकास परियोजना के लिए मस्जिद को हटाना अनिवार्य नहीं माना जाना चाहिए और इसके संरक्षण के विकल्पों पर विचार किया जाना चाहिए।

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने भी मस्जिद में नमाज पढ़ने वाले सरकारी कर्मचारियों की जरूरतों पर विचार करने की बात कही। अदालत ने संबंधित पक्षों को इस मामले में जवाब देने का समय दिया और अगली सुनवाई जनवरी 2027 के लिए निर्धारित की। फिलहाल मस्जिद को हटाने के पक्ष में या उसके संरक्षण के पक्ष में अदालत का कोई अंतिम फैसला नहीं आया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *