कब्जे वाले वेस्ट बैंक में रविवार तड़के फिलिस्तीनी इलाकों पर इजरायली सेटलर्स द्वारा कई हमले किए जाने की खबर सामने आई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इन हमलों के दौरान फिलिस्तीनियों के घरों और वाहनों को आग के हवाले किया गया। इसके अलावा गोलीबारी और निजी संपत्तियों पर नस्लवादी नारे लिखने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, रामल्लाह के उत्तर-पश्चिम में स्थित दैर अल-सूदान गांव में हमलावरों ने कई फिलिस्तीनी घरों और गाड़ियों को निशाना बनाया। इस दौरान फिलिस्तीनी वाहनों पर गोलीबारी भी की गई। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में किसी के घायल होने या मारे जाने की सूचना नहीं मिली है। फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी WAFA के अनुसार, इसी गांव में दो गाड़ियां जलाई गईं।
वहीं, दैर अबू मशाल गांव में तीन और कफ्र मलिक गांव में सात फिलिस्तीनी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। इन दोनों गांवों में मकानों की दीवारों और निजी संपत्तियों पर नस्लवादी और फिलिस्तीन विरोधी नारे भी लिखे गए। इस तरह रामल्लाह और अल-बीरेह क्षेत्र के तीन गांवों में कुल 12 गाड़ियां जलाई गईं।
हमलों का सिलसिला सल्फीत इलाके तक भी पहुंचा, जहां दैर बल्लूत गांव में एक कृषि भवन को आग लगा दी गई। इसके अलावा शनिवार शाम बुर्का और दैर दिबवान गांवों को जोड़ने वाले पुल के पास कई फिलिस्तीनी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। अल-मुगय्यिर गांव में भी वाहनों पर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं।
इस बीच, फिलिस्तीनी इलाकों में बढ़ती हिंसा को लेकर संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) के आंकड़े भी चिंता बढ़ाते हैं। WAFA की रिपोर्ट के मुताबिक़, 10 से 16 नवंबर 2026 के बीच इजरायली सेटलर्स के 40 ऐसे हमले दर्ज किए गए, जिनमें लोगों को चोट पहुंची या संपत्तियों को नुकसान हुआ। इन घटनाओं में 38 फिलिस्तीनी घायल हुए और 68 लोगों को विस्थापित होना पड़ा।
