उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। आज़म खान ने ओवैसी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह मुसलमानों को ठगने नहीं देंगे। एबीपी न्यूज़ को दिए एक विशेष इंटरव्यू में उन्होंने ओवैसी की राजनीति, मुस्लिम नेतृत्व की दावेदारी और उत्तर प्रदेश में उनकी चुनावी सक्रियता पर सवाल उठाए। आजम खान के इस बयान को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों को लेकर बढ़ती राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से जोड़कर देखा जा रहा है।
आज़म खान ने ओवैसी को सलाह दी कि वह उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के बजाय अपने राज्य तेलंगाना में ज्यादा मेहनत करें। उन्होंने कहा कि अगर ओवैसी अपने राज्य में इतनी मेहनत करें तो मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं। आज़म ने ओवैसी की पार्टी के राजनीतिक प्रभाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि तेलंगाना में उनके पास केवल चार विधायक हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने इस राजनीतिक सक्रियता के पीछे किसी दूसरे का हाथ होने का भी आरोप लगाया।
वहीं, ओवैसी के चर्चित बयान ‘अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा’ को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच विवाद बढ़ गया है। आज़म खान ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे मुस्लिम समाज का अपमान होता है। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने उस बयान पर सफाई दी, जिसमें उन्होंने ‘अब्दुल’ को अल्लाह का नाम बताया था। आज़म ने इसे जुबान फिसलने की गलती बताते हुए कहा कि उनका आशय कुछ और था।
यह विवाद 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों और राजनीतिक नेतृत्व की दावेदारी को लेकर अहम माना जा रहा है। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है और सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की है। आजम खान ने चंद्रशेखर आजाद पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया है। दूसरी ओर, ओवैसी लगातार समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर मुस्लिम समाज को उचित राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं देने का आरोप लगाते रहे हैं।
