सयुक्त राष्ट्र (UN) ने ग़ाज़ा में जारी युद्ध के मानवीय और सामाजिक प्रभावों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। UN की उप महासचिव अमीना मोहम्मद ने कहा है कि युद्ध के कारण फ़िलिस्तीन का मानव विकास लगभग 77 साल पीछे चला गया है।
उन्होंने ग़ाज़ा में बड़े पैमाने पर हुई मौतों, बुनियादी ढांचे की तबाही और आम नागरिकों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त की। साथ ही, वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के निवासियों की हिंसा के चलते फ़िलिस्तीनी परिवारों के विस्थापन का मुद्दा भी उठाया।

अमीना मोहम्मद ने यह भी कहा कि युद्ध का असर केवल तत्काल मानवीय संकट तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक विकास की बुनियाद भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।
संयुक्त राष्ट्र और विश्व बैंक के संयुक्त आकलन के मुताबिक, ग़ाज़ा के पुनर्निर्माण और आर्थिक सुधार के लिए बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय सहायता की आवश्यकता है। अमीना मोहम्मद ने ग़ाज़ा में मानवीय सहायता की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने और फ़िलिस्तीनियों के लिए न्यायपूर्ण राजनीतिक समाधान की दिशा में अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
