इज़रायल ने गाजा पट्टी में एक बार फिर बड़े पैमाने पर विस्थापन की धमकी दी है। इज़रायल के रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज ने गुरुवार को कहा कि अगर हमास अपने हथियार स्वेच्छा से नहीं छोड़ता है, तो इज़रायली सेना गाजा के लगभग 10 लाख फिलिस्तीनियों को दक्षिणी इलाकों की ओर जाने के लिए मजबूर कर सकती है। इस धमकी से पहले से ही नाजुक युद्धविराम और गाजा के मानवीय हालात को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
इज़रायली रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हमास को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के तहत स्वेच्छा से हथियार डालकर गाज़ा को हथियार मुक्त बनाने की प्रक्रिया स्वीकार करनी होगी। ऐसा नहीं होने पर इज़रायली सेना ‘ऑपरेशन गिदोन के रथ-2’ (Operation Gideon’s Chariots II) शुरू करेगी। इसके तहत गाजा के लगभग 10 लाख निवासियों को एक बार फिर दक्षिण की ओर विस्थापित किया जा सकता है।

काट्ज ने दावा किया कि गाजा का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा तबाह हो चुका है और इजरायली सेना के नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी कहा कि शेष 30 प्रतिशत हिस्से पर हमास का नियंत्रण केवल एक भ्रम है। हालांकि, गाज़ा के 70 प्रतिशत हिस्से पर इजरायली नियंत्रण के उनके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
यह धमकी ऐसे समय आई है जब युद्धविराम समझौते और हमास के निरस्त्रीकरण को लेकर मतभेद बने हुए हैं। हमास ने जुलाई 2026 में अमेरिकी समर्थित शांति योजना के तहत अपने हथियार एक फिलिस्तीनी तकनीकी समिति को सौंपने पर सहमति जताई थी। हालांकि, इस प्रक्रिया पर अभी तक अमल नहीं हुआ है। दूसरी ओर, इज़रायल ने गाजा से अपनी सेना हटाने से पहले सभी हथियारों को सत्यापित तरीके से जमा कराने की मांग की है।
इस नई धमकी से गाजा में एक और बड़े पैमाने पर मानवीय संकट की आशंका बढ़ गई है। गाजा में लगभग 21 लाख लोग रहते हैं और इनमें से बड़ी संख्या में लोग पहले ही कई बार विस्थापन का दर्द झेल चुके हैं। यदि इज़रायल नया सैन्य अभियान शुरू करता है, तो लाखों नागरिकों के सामने दोबारा अपना घर छोड़ने और सुरक्षित ठिकाने की तलाश करने का संकट खड़ा हो सकता है।
