अमेरिका ने भारत पर लगाएगा 25% टैरिफ, सरकार बोली- हर संभव कदम उठाएंगे

Reading time : 0 minutes

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भारतीय निर्यात पर 25% का भारी टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। ट्रंप के इस फैसले ने निवेशकों और नीति निर्माताओं, दोनों को हिलाकर रख दिया है। ट्रंप ने इसकी जानकारी बुधवार (30 जुलाई 2025) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके दी।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापक व्यापार समझौते की तैयारियां चल रही थीं। ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, ‘हालांकि भारत हमारा मित्र है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हमने उनके साथ अपेक्षाकृत कम व्यापार किया है क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ज्यादा हैं… और उनके पास किसी भी देश की तुलना में सबसे कठोर और अप्रिय गैर-मौद्रिक व्यापार बाधाएं हैं।’

क्या होगा भारत पर असर:
• अमेरिका भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।
• 2023-24 में भारत ने अमेरिका को लगभग 77 बिलियन डॉलर का निर्यात किया।
• ऑटो पार्ट्स, केमिकल्स, स्टील और फार्मा जैसे क्षेत्रों को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है।

भारत सरकार ने कहा- कदम उठाएंगे

लोकसभा में गुरुवार को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए 25% आयात शुल्क (टैरिफ) पर विस्तार से बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार हालात पर लगातार नज़र रखे हुए है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि देश के घरेलू उद्योगों की सुरक्षा हर हाल में सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।

पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच अब तक चार दौर की द्विपक्षीय बैठकें हो चुकी हैं। इन चर्चाओं में समझौते को अंतिम रूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में 10 से 15 प्रतिशत आयात शुल्क पर चर्चा हुई थी। कई वर्चुअल बैठकें भी हुईं, जिनमें द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के प्रयास किए गए।

केंद्रीय मंत्री ने साफ कहा कि भारत अपने घरेलू उद्योगों की सुरक्षा करेगा और देशहित में जो भी कदम उठाने की जरूरत होगी, वह उठाए जाएंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *