गाज़ा में जारी युद्ध के बीच पत्रकारों और मीडिया कर्मियों पर हमले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। International Federation of Journalists (IFJ) और Palestinian Journalists Syndicate (PJS) की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक़, अब तक कम से कम 162 पत्रकार और मीडिया कर्मी मारे जा चुके हैं। इन मौतों की पुष्टि 16 मई 2025 को जारी किए गए आधिकारिक अपडेट में की गई।
IFJ और PJS ने इन हत्याओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि पत्रकारों को निशाना बनाना प्रेस की आज़ादी और इंसानी हक़ों का गंभीर उल्लंघन है। संगठन ने इन घटनाओं की तुरंत और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संगठन ने साथ ही मीडिया संस्थानों और रिपोर्टरों से अपील की है कि वे बेहद सतर्क रहें और सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करें। IFJ का कहना है कि किसी भी पत्रकार की जान से बड़ी कोई भी ख़बर नहीं हो सकती।
यह रिपोर्ट साफ़ करती है कि गाज़ा दुनिया के सबसे ख़तरनाक इलाक़ों में से एक बन चुका है, जहां पत्रकार अपने पेशेवर कर्तव्यों को निभाते हुए सबसे ज़्यादा ख़तरों का सामना कर रहे हैं।
