गाज़ा के लिए रवाना हुआ मानवीय बेड़ा ग्लोबल सुमूद फ़्लोटिला अब मिस्र के उत्तरी तट मर्सा मातरूह के पास पहुँच गया है। यह बेड़ा इस समय गाज़ा से लगभग 366 नौटिकल मील यानी (678 किलोमीटर) दूर है और उम्मीद है कि तीन से चार दिनों में वहाँ पहुँच जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि जैसे-जैसे जहाज़ गाज़ा के करीब पहुँच रहे हैं, “ज़ायोनी ताक़तों” से किसी भी बड़े हमले का खतरा बढ़ रहा है। फिलहाल सबसे आगे OHWAYLA और ALL IN नाम के जहाज़ चल रहे हैं और कुल 44 नाव इस काफिले का हिस्सा हैं।
इसके अलावा इज़राइल ने भी साफ़ कर दिया है कि वह इस बेड़े को रोकने की तैयारी कर रहा है। उसकी नौसैनिक कमांडो यूनिट शायेतत 13 लगातार अभ्यास कर रही है। इज़रायली अधिकारियों ने इसे “उकसावे की कार्रवाई” करार दिया है।
इससे पहले बेड़े पर कई ड्रोन हमले हो चुके हैं। 24 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में 13 धमाके हुए और संचार बाधित करने की कोशिश की गई। इसके बावजूद काफिला आगे बढ़ता रहा।
उधर, स्पेन ने कार्टाजेना से एक नौसैनिक जहाज़ और इटली ने दो जहाज़ भेजकर अपने नागरिकों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। आयोजकों ने दुनिया से अपील की है कि इस अहम वक़्त पर एकजुटता और सतर्कता बनाए रखें।
