फैक्ट चेकः मोबाइल फ्लैशलाइट के साथ प्रदर्शन का दावा भ्रामक, वायरल वीडियो AI-जनरेटेड

ईरान में बढ़ती महंगाई और गहराते आर्थिक हालात को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रात के समय बड़ी संख्या में लोग अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर सड़कों पर जमा दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को ईरान में चल रहे ताज़ा प्रदर्शनों से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए एक यूजर ने दावा किया,
“ईरानी सरकार ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए स्ट्रीट लाइट्स बंद कर दीं, लेकिन लोगों ने अपने फोन की रोशनी जलाकर विरोध जारी रखा। प्रदर्शनकारी अयातुल्लाह को सत्ता से हटाने की मांग कर रहे थे।” (अनुवाद)

इस वीडियो को इसी तरह के दावों के साथ कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी शेयर किया है।

फैक्ट चेकः

Times Headline ने वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए पड़ताल की। जांच में यह साफ हुआ कि यह वीडियो ईरान में हुए किसी वास्तविक विरोध प्रदर्शन का नहीं है। दरअसल, इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक की मदद से तैयार किया गया है।

जांच के दौरान यह वीडियो elnaz555 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 11 जनवरी को अपलोड किया गया मिला। पोस्ट के विवरण में खुद यूजर ने बताया है कि यह वीडियो तेहरान में हुए प्रदर्शनों से प्रेरित होकर AI के ज़रिये बनाया गया है।

यूजर ने कैप्शन में लिखा,
“सरकार ने भीड़ को छिपाने के लिए सड़क की लाइटें बंद कर दीं, लेकिन लोगों ने अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए मोबाइल की लाइट जला ली। यह वीडियो मैंने AI से बनाया है, जो 10 जनवरी 2026 को तेहरान में हुए विरोध प्रदर्शनों से प्रेरित है।”

इसके अलावा, वीडियो की तकनीकी जांच के लिए Times Headline की टीम ने इसे हाइव मॉडरेशन और डीपफेक-ओ-मीटर जैसे AI डिटेक्शन टूल्स पर भी परखा। दोनों टूल्स के नतीजों से पुष्टि हुई कि वीडियो असली नहीं है और इसे AI द्वारा जनरेट किया गया है।

निष्कर्षः

Times Headline की जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि सोशल मीडिया पर ईरान का बताकर वायरल किया जा रहा यह वीडियो वास्तविक नहीं है। यह AI तकनीक से तैयार किया गया कंटेंट है, जिसे भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है। इसलिए यूजर्स का दावा सही नहीं है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *