गाज़ा पट्टी के मध्य शहर देयर अल-बलाह एक बार फिर इज़राइली हवाई हमलों की चपेट में आ गया। गुरुवार सुबह हुए इन हमलों में कम से कम आठ फ़िलिस्तीनी नागरिक मारे गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गाज़ा में मौजूद चिकित्सा सूत्रों ने हताहतों की पुष्टि की है।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, पश्चिमी देयर अल-बलाह में अल-हौली परिवार के घर को सीधे निशाना बनाया गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। वहीं, एक अलग हमले में अल-जर्रो परिवार के घर के आंगन पर बमबारी की गई, जिसके बाद दो और शव मलबे से निकाले गए।
इन ताज़ा हमलों से पहले ही गाज़ा का Government Media Office इज़राइल पर सीज़फायर समझौते के गंभीर और सुनियोजित उल्लंघन का आरोप लगा चुका है। कार्यालय के अनुसार, 10 अक्टूबर 2025 से लागू सीज़फायर के बाद से अब तक 1,244 उल्लंघन दर्ज किए जा चुके हैं।
Media Office की रिपोर्ट बताती है कि इन उल्लंघनों में
402 बार नागरिकों पर सीधी गोलीबारी,
66 सैन्य घुसपैठें रिहायशी इलाक़ों में,
581 हवाई और तोपख़ाने के हमले निहत्थे नागरिकों और उनके घरों पर,
और 195 मामलों में नागरिक मकानों, संस्थानों और इमारतों को पूरी तरह तबाह किया गया।
इन लगातार हमलों और उल्लंघनों का नतीजा यह रहा कि अब तक 449 फ़िलिस्तीनी नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनके शव अस्पतालों तक पहुँचाए गए, जबकि 1,246 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, इज़राइली बलों द्वारा 50 लोगों की मनमानी गिरफ्तारी के मामले भी सामने आए हैं।
देयर अल-बलाह पर हुआ ताज़ा हमला एक बार फिर इस बात को रेखांकित करता है कि ज़मीन पर हालात किस कदर भयावह हैं और सीज़फायर के दावों के बीच आम नागरिक सबसे ज़्यादा इसकी क़ीमत चुका रहे हैं।
