112वें दिन भी नहीं रुका सीज़फायर उल्लंघन, ग़ज़ा पट्टी में शनिवार की सुबह एक बार फिर दर्द और तबाही लेकर आई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इज़राइली हमलों में कम से कम 12 फ़िलिस्तीनी नागरिक शहीद हो गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये हमले ग़ज़ा के विभिन्न इलाक़ों में “येलो लाइन” क्षेत्र के बाहर किए गए।
दक्षिणी ग़ज़ा के ख़ान यूनिस के उत्तर-पश्चिम में स्थित असदा क्षेत्र में तड़के इज़राइली हवाई हमले ने एक पूरे परिवार को उजाड़ दिया। अबू हदायद परिवार के टेंट को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में 7 फ़िलिस्तीनी नागरिक शहीद हुए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
इसी तरह, ग़ज़ा सिटी के पश्चिमी हिस्से में अल-अब्बास जंक्शन के पास स्थित एक अपार्टमेंट पर हुए इज़राइली हवाई हमले में 5 नागरिकों की जान चली गई। इस हमले में दो बच्चे और एक महिला भी मारे गए।
हमलों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। अल-दरज मोहल्ले में जबालिया स्टेशन के पास एक अपार्टमेंट को निशाना बनाए जाने से पांच नागरिक घायल हो गए। वहीं, ग़ज़ा सिटी के मध्य क्षेत्र में अल-जाला स्ट्रीट के आसपास एक और अपार्टमेंट पर हुए हमले में भी कई नागरिकों के घायल होने की सूचना मिली है। इसके अलावा, ग़ज़ा के अन्य इलाक़ों में भी इज़राइली हमले किए गए, हालांकि वहां किसी प्रकार के हताहतों की सूचना नहीं दी गई है।
ग़ौरतलब है कि ग़ज़ा पट्टी में इज़राइली हमले और सीज़फायर उल्लंघन लगातार 112वें दिन भी जारी हैं, और आम नागरिक खासतौर पर बच्चे और महिलाएं इस संघर्ष की सबसे बड़ी क़ीमत चुका रहे हैं।
