लेबनान के ऐन अल-हिलवे शरणार्थी कैंप पर इज़रायली हवाई हमला, तीन की मौत

बेरूत: लेबनान के ऐन अल-हिलवे शरणार्थी कैंप में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब इज़रायली बलों ने कैंप के भीतर एक ठिकाने को निशाना बनाते हुए हवाई हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

लेबनानी नेशनल न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, एक इज़रायली ड्रोन ने कैंप के हित्तीन इलाके पर तीन मिसाइलें दागीं। हमला जॉइंट सिक्योरिटी फोर्स के मुख्यालय को निशाना बनाकर किया गया था।

स्थानीय लेबनानी सूत्रों के अनुसार, मिसाइल हमले के बाद इलाके में भारी नुकसान हुआ और तीन लोगों की जान चली गई। घायलों को उपचार के लिए आसपास के स्थानों पर पहुंचाया गया। दूसरी ओर, इज़रायली सेना ने दावा किया है कि यह कार्रवाई दक्षिणी लेबनान में हमास सदस्यों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे एक ठिकाने के खिलाफ की गई।

शुक्रवार शाम हुए इस हमले के बाद कैंप और आसपास के क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *