उर्स-ए-ताजुश्शरिया पर बड़ा ऐलान: 200 छात्रों को NEET-इंजीनियरिंग की मुफ्त कोचिंग, जरूरतमंदों के फ्री ऑपरेशन भी होंगे

बरेली | 22 अप्रैल 2026

उर्स-ए-ताजुश्शरिया के अवसर पर दरगाह आला हजरत/ताजुश्शरिया से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की घोषणा की गई है। जमात रजा-ए-मुस्तफा और आला हजरत ताजुश्शरिया सोसाइटी की ओर से 200 होनहार और जरूरतमंद छात्रों को NEET और इंजीनियरिंग की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के फ्री ऑपरेशन भी कराए जाएंगे।

यह घोषणा जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव और सोसाइटी के संस्थापक फरमान हसन खान (फरमान मियां) ने की। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उन प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण महंगी कोचिंग नहीं ले पाते।

6वीं से 12वीं तक के छात्रों को भी लाभ


NEET और इंजीनियरिंग कोचिंग के अलावा कक्षा 6 से 12 तक के यूपी बोर्ड, CBSE और ICSE के हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के छात्रों के लिए भी मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इच्छुक छात्र 23 अप्रैल से 15 मई तक पशुपति बिहार स्थित डेल्टा क्लासेज में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

मजहबी कार्यक्रमों के साथ सामाजिक पहल


उर्स के दौरान परचम कुशाई, उलेमा की तकरीरें, कॉन्फ्रेंस और कुल शरीफ जैसे धार्मिक कार्यक्रम काजी-ए-हिंदुस्तान जानशीन-ए-ताजुश्शरिया असजद रजा खान (असजद मियां) की सरपरस्ती में आयोजित होंगे। कार्यक्रमों की निगरानी सलमान मियां और फरमान मियां करेंगे।

इल्म की रोशनी फैलाना है मिशन


फरमान मियां ने कहा कि बरेली की पहचान हमेशा से इल्म और ज्ञान की रोशनी रही है। आला हजरत, मुफ्ती-ए-आजम और ताजुश्शरिया जैसे महान विद्वानों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह पहल की गई है, ताकि बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर बनने के साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

पहले भी मिल चुकी है सफलता


जमात से जुड़े सैयद जसीम ने बताया कि पहले भी बड़ी संख्या में छात्रों को NEET, इंजीनियरिंग और UPSC की तैयारी कराई गई है, जिनमें कई छात्र सरकारी मेडिकल कॉलेजों में चयनित हो चुके हैं।

जरूरतमंदों के लिए राहत


उर्स के मौके पर जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन भी मुफ्त कराए जाएंगे। इच्छुक लोग दरगाह ताजुश्शरिया और किला स्थित जमात के हेड ऑफिस में संपर्क कर सकते हैं।

उर्स-ए-ताजुश्शरिया के इस अवसर पर की गई यह पहल न केवल शिक्षा बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सैकड़ों परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *