सेना से फिर चुना गया देश का अगला CDS, अजीत डोभाल के दफ्तर से सीधे मिली सबसे बड़ी जिम्मेदारी

लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि होंगे भारत के नए CDS, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को मिली नौसेना प्रमुख की कमान

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने देश की सैन्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि (रिटायर्ड) को भारत का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वह जनरल अनिल चौहान की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। CDS का पद संभालने के साथ ही वह डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स (DMA) के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

सबसे अहम बात यह है कि लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि फिलहाल नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट (NSCS) में सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्यरत हैं और सीधे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के कार्यालय से जुड़े हुए हैं। इससे पहले जनरल अनिल चौहान भी इसी भूमिका में काम कर चुके थे और बाद में उन्हें CDS नियुक्त किया गया था। ऐसे में लगातार दूसरी बार डोभाल के दफ्तर से CDS चुना जाना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चार दशक का सैन्य अनुभव, कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं

लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि का सैन्य करियर चार दशक से ज्यादा लंबा रहा है। दिसंबर 1985 में उन्हें 8वीं बटालियन गढ़वाल राइफल्स में कमीशन मिला था। उन्होंने असम में काउंटर-इंसर्जेंसी ऑपरेशंस के दौरान 16 गढ़वाल राइफल्स की कमान संभाली और सेंट्रल सेक्टर में 17 माउंटेन डिवीजन का नेतृत्व किया।

इसके अलावा उन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन मानी जाने वाली 2 कोर की कमान भी संभाली। वर्तमान जिम्मेदारी से पहले वह वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं।

बड़ी चुनौतियों के बीच संभालेंगे जिम्मेदारी

लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि ऐसे समय में CDS का पद संभालेंगे जब तीनों सेनाओं के एकीकृत थिएटर कमांड्स की प्रक्रिया तय समयसीमा से पीछे चल रही है। इसके साथ ही सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण की चुनौती भी उनके सामने होगी। यूरोप और पश्चिम एशिया के हालिया युद्धों के बाद बदलती युद्ध तकनीकों ने भारत के लिए नई रणनीतिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

नौसेना में भी बड़ा बदलाव

सरकार ने भारतीय नौसेना के नेतृत्व में भी बड़ा फैसला लिया है। वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को अगला चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ (CNS) नियुक्त किया गया है। वह एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी की जगह लेंगे, जो 31 मई 2026 को रिटायर हो रहे हैं।

फिलहाल वाइस एडमिरल स्वामीनाथन वाइस चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ के पद पर तैनात हैं। कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ माने जाने वाले स्वामीनाथन विमानवाहक पोत INS विक्रमादित्य और वेस्टर्न फ्लीट की कमान संभाल चुके हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *