वेस्ट बैंक: इज़रायली ऑक्युपेशन फ़ोर्सेज़ (IOF) ने बुधवार तड़के वेस्ट बैंक और पूर्वी यरुशलम के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई घरों की तलाशी ली गई, लोगों से पूछताछ की गई और कई फ़िलिस्तीनियों को हिरासत में लिया गया।
नाबलुस शहर और उसके पूर्व में स्थित न्यू असकर शरणार्थी शिविर में इज़रायली सैनिकों ने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें निमर ख़रियूश, खलील शहाब और नादेर अल-तक शामिल हैं। सैनिकों ने शिविर के कई घरों की तलाशी ली और कुछ किशोरों को हिरासत में लेकर मौके पर पूछताछ की, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
तुलकरम के उत्तर में स्थित क़ाफ़िन कस्बे में भी इज़रायली सेना ने कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई युवकों, जिनमें कुछ पूर्व कैदी भी शामिल थे, से पूछताछ की गई।
जेनिन के पूर्व में स्थित बेत क़ाद गांव में सैनिकों ने घरों पर छापेमारी की और एक युवक को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, तलाशी के दौरान घरों के सामान को नुकसान पहुंचाया गया।
क़लकिल्या शहर में इज़रायली सैन्य वाहन कई इलाकों में तैनात किए गए। नज़्ज़ाल इलाके में घरों की तलाशी के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक पूर्व बंदी भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक़, सैनिकों ने उसके घर का सामान भी नुकसान पहुंचाया।
बेथलहम के पूर्व में स्थित बेत तामिर गांव में इज़रायली बलों ने एक खाली पड़े मकान का गेट और मुख्य दरवाज़ा जबरन खोलकर उसकी तलाशी ली।
वहीं, पूर्वी यरुशलम के उत्तर-पश्चिम में स्थित बेत इक्सा गांव में बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। सैनिक गांव के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचे, कई घरों में दाखिल हुए और दर्जनों लोगों से घंटों तक पूछताछ की।
रिपोर्ट के अनुसार, इज़रायली सैनिकों ने एक फ़िलिस्तीनी व्यक्ति को उसके घर से गिरफ्तार किया। इसके अलावा, गांव के एक घर को अस्थायी सैन्य चौकी में बदल दिया गया, जहां सैनिकों की तैनाती की गई।
बेत इक्सा गांव में पहले भी कई बार इस तरह की सैन्य कार्रवाई की जा चुकी है, जिनमें घरों पर छापेमारी, गिरफ्तारियां और स्थानीय लोगों से पूछताछ शामिल रही है।
