BRICS मंच से NSA अजित डोभाल की बड़ी चेतावनी, बोले- दुनिया के सामने बदल रहे हैं खतरे, सहयोग ही समाधान

नई दिल्ली: दुनिया तेजी से बदल रही है और इसके साथ ही सुरक्षा चुनौतियों का स्वरूप भी पहले से कहीं अधिक जटिल होता जा रहा है। सैन्य संघर्ष, भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक दबाव और नई तकनीकों का बढ़ता प्रभाव वैश्विक व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर रहा है। ऐसे माहौल में BRICS देशों की भूमिका और जिम्मेदारी दोनों बढ़ गई हैं। यह बात भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने BRICS देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की 16वीं बैठक में कही।

नई दिल्ली में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए अजित डोभाल ने कहा कि दुनिया इस समय बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही है। उन्होंने आगाह किया कि सुरक्षा के खतरे लगातार अधिक जटिल होते जा रहे हैं और पारंपरिक खतरों के साथ-साथ गैर-पारंपरिक चुनौतियां भी तेजी से उभर रही हैं। उनके अनुसार इन नई चुनौतियों ने राष्ट्रीय सीमाओं की पारंपरिक परिभाषा को लगभग अप्रासंगिक बना दिया है।

डोभाल ने विशेष रूप से आतंकवाद के नए और अधिक छिपे हुए स्वरूपों, साइबर हमलों और डिजिटल तकनीकों के दुरुपयोग को वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों का प्रभाव किसी एक देश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन चुकी हैं।

इसके अलावा बैठक के दौरान NSA डोभाल ने ईरान और अमेरिका के बीच हुए शांति समझौते का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने होर्मुज के खुलने को भी एक सकारात्मक और स्वागत योग्य कदम बताया।

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में संघर्षों को सुलझाने के लिए मौजूद संस्थागत तंत्र और पारंपरिक उपकरण कमजोर पड़ते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बहुपक्षवाद यानी (Multilateralism) के घटते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि एक ओर वैश्विक समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर उन्हें हल करने के लिए मौजूद व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता कम होती नजर आ रही है।

अजित डोभाल ने जोर देकर कहा कि ऐसे समय में देशों के बीच सहयोग, संवाद और समन्वय पहले से अधिक जरूरी हो गया है। उन्होंने BRICS को दुनिया का एक महत्वपूर्ण संगठन बताते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में इसकी भूमिका पहले से कहीं अधिक अहम हो गई है।

गौरतलब है कि BRICS देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की इस बैठक में चीन के विदेश मंत्री वांग यी भी शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। ऐसे समय में जब दुनिया कई तरह की सुरक्षा और रणनीतिक चुनौतियों का सामना कर रही है, BRICS मंच पर हुई यह चर्चा वैश्विक सहयोग और साझा सुरक्षा चिंताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *