फैक्ट चेक: क्या जीतू पटवारी ने राम मंदिर में दिए 1100 रुपये वापस मांगे? जानिए वायरल दावे की पूरी सच्चाई

सोशल मीडिया पर इन दिनों मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर एक पोस्टकार्ड तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्टकार्ड में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में दान किए गए 1100 रुपये वापस मांग लिए हैं। दावा सामने आने के बाद यह पोस्ट कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जाने लगा और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं।

हालांकि, Times Headline की पड़ताल में यह दावा पूरी तरह भ्रामक और फर्जी साबित हुआ है। जांच में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला कि जीतू पटवारी ने कभी राम मंदिर में दान की गई राशि वापस मांगने जैसा कोई बयान दिया हो।

क्या है पूरा मामला?

हाल के दिनों में अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर आरोप सामने आए हैं, जिनकी जांच जारी है। इसी दौरान मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने उज्जैन में कथित जमीन घोटाले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए थे। इसी मुद्दे पर जीतू पटवारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार की आलोचना की थी। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनके नाम से एक कथित पोस्टकार्ड वायरल होने लगा, जिसमें लिखा है— “मैंने राम मंदिर के लिए 1100 रुपए दान किए थे, मुझे अपना पैसा वापिस चाहिए।

इस पोस्टकार्ड को शेयर करते हुए Jitendra pratap singh नामक यूजर ने लिखा, “कांग्रेसियों से ज्यादा नीच जानवर इस धरती पर कोई और नहीं होगा

वहीं फेसबुक पर “कांग्रेस मुक्त मध्य प्रदेश” नामक यूजर ने पोस्टकार्ड साझा करते हुए लिखा, “जीतू पटवारी ने राम मंदिर चंदा के दिये हुए पैसे मांगे वापस…”

फैक्ट चेक

वायरल पोस्टकार्ड की पड़ताल के दौरान सबसे पहले यह देखा गया कि उस पर ‘दैनिक जागरण’ का लोगो लगाया गया है। इसके बाद दैनिक जागरण के आधिकारिक एक्स (X), फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स की जांच की गई।

जांच में ऐसा कोई पोस्टकार्ड या खबर नहीं मिली, जिसमें दैनिक जागरण ने जीतू पटवारी के नाम से इस तरह का बयान प्रकाशित किया हो। इससे साफ हो गया कि वायरल पोस्टकार्ड आधिकारिक नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने भी किया खंडन

मामले की पुष्टि के लिए Times Headline ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अमित शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा, “यह 100% फेक न्यूज है। जीतू पटवारी ने राम मंदिर से दान किए गए पैसे को मांगने का कभी कोई बयान नहीं दिया है।”

इसके अलावा Times Headline ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से भी संपर्क किया। उन्होंने वायरल पोस्ट को पूरी तरह फर्जी बताया और कहा कि उन्होंने कभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया। उनके अनुसार यह भ्रामक सामग्री लोगों को भ्रमित करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर में दान करना पुण्य का कार्य होता है और दान की गई राशि वापस मांगने जैसा पाप कोई नहीं करता।

निष्कर्ष

Times Headline की फैक्ट चेक जांच में वायरल दावा पूरी तरह फर्जी पाया गया। जीतू पटवारी ने राम मंदिर में दान किए गए 1100 रुपये वापस मांगने जैसा कोई बयान नहीं दिया है। साथ ही, जिस पोस्टकार्ड पर दैनिक जागरण का लोगो लगाया गया है, वह भी फर्जी है और दैनिक जागरण के किसी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसा कोई पोस्ट प्रकाशित नहीं किया गया। इसलिए सोशल मीडिया पर किया जा रहा यह दावा भ्रामक है और इसे सच मानकर साझा नहीं किया जाना चाहिए।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *