वेस्ट बैंक में इज़रायली कब्ज़ा बल (आईओएफ) की ध्वस्तीकरण कार्रवाई लगातार जारी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को रामल्लाह प्रांत के शुक़बा कस्बे में निर्माणाधीन दो फ़िलिस्तीनी मकानों को बुलडोज़र चलाकर गिरा दिया गया। इज़रायली अधिकारियों का कहना है कि इन मकानों का निर्माण आवश्यक अनुमति के बिना किया जा रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक़, मंगलवार सुबह इज़रायली सैनिकों की सुरक्षा में बुलडोज़र शुक़बा के अल-अत्तारी क्षेत्र में पहुंचे। इसके बाद पूरे इलाके को घेरकर दोनों निर्माणाधीन मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
बताया गया है कि अल-अत्तारी क्षेत्र पिछले कुछ महीनों से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस दौरान यहां मकानों समेत 15 से अधिक निर्माणों को गिराया जा चुका है।
रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले 24 मई को भी इज़रायली बलों ने शुक़बा निवासी अब्दुल्ला थाबेत का एक मंज़िला मकान ध्वस्त कर दिया था। यह मकान एक दुनम भूमि पर बना था, जिसमें रहने के कमरे, एक स्विमिंग पूल और घोड़ों के लिए अस्तबल भी मौजूद था।
मीडिया रिपोर्टस में यह भी कहा गया है कि इसी वर्ष मई महीने के दौरान इज़रायली सेना ने पूरे अधिकृत वेस्ट बैंक में 42 मकानों और 303 अन्य प्रकार की संरचनाओं को ध्वस्त किया था। रिपोर्ट के अनुसार, हाल के महीनों में वेस्ट बैंक के विभिन्न इलाकों में ध्वस्तीकरण की ऐसी कार्रवाइयों में लगातार वृद्धि देखी गई है।
