फैक्ट चेक: क्या भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील से किया इनकार? जानिए वायरल दावे की पूरी सच्चाई

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (India-US Trade Deal) को लेकर सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कहा गया कि भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाजी में ट्रेड डील करने से इनकार कर दिया है और अब वह बेहतर शर्तों वाली डील का इंतजार कर रहा है। इस दावे को ब्रिटिश समाचार एजेंसी रायटर्स (Reuters) की एक रिपोर्ट के आधार पर साझा किया गया।

रायटर्स ने अपनी रिपोर्ट में लिखा, “अधिकारियों और जानकारों का कहना है कि हाल की बातचीत में भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाजी में कोई ट्रेड एग्रीमेंट करने से इनकार कर दिया है और वह बेहतर डील का इंतज़ार कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए ट्रेड पार्टनर, कम होते आर्थिक जोखिम और देश में मिल रहे राजनीतिक फ़ायदों से भरोसा मिल रहा है।” (हिन्दी अनुवाद)

इसी रिपोर्ट का हवाला देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Global News & Geopolitics ने दावा किया, “भारत ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को तेज़ी से आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है और इसके बजाय ज़्यादा फ़ायदेमंद शर्तों का इंतज़ार करने का फ़ैसला किया है।

फैक्ट चेक

Times Headline ने वायरल दावे की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि यह दावा भ्रामक है। भारत और अमेरिका, दोनों देशों के आधिकारिक प्रतिनिधियों ने रायटर्स की इस रिपोर्ट का खंडन किया है और इसे गलत तथा भ्रामक बताया है।

जांच के दौरान हमें केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का आधिकारिक बयान मिला। उन्होंने रायटर्स की रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा,

यह खबर पूरी तरह से गलत, बेबुनियाद और गुमराह करने वाली है। जून में जब USTR जेमिसन ग्रीर (@USTradeRep) दिल्ली आए थे, तो मेरी उनके साथ बहुत अच्छी बैठकें हुई थीं। दोनों पक्षों ने एक ऐसे समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो संतुलित हो, व्यावसायिक रूप से सार्थक हो और दोनों देशों के व्यवसायों, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं को ठोस लाभ पहुंचाए। हमारी टीमें इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह से जुटी हुई हैं।” (हिन्दी अनुवाद)

इसके अलावा, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी सोशल मीडिया पर इस रिपोर्ट का खंडन किया। उन्होंने लिखा, “फ़ेक न्यूज़ अलर्ट! किसी ने भी कुछ भी खारिज नहीं किया है। दोनों पक्षों के बीच बहुत ही सकारात्मक बैठकें हुईं और उन्होंने ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। हम लगातार सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। रॉयटर्स – आप इससे बेहतर कर सकते हैं!” (हिन्दी अनुवाद)

निष्कर्ष

Times Headline की फैक्ट चेक जांच में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। भारत और अमेरिका, दोनों देशों के आधिकारिक प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि भारत द्वारा अमेरिका के साथ ट्रेड डील से इनकार करने का दावा सही नहीं है। दोनों पक्षों ने सकारात्मक वार्ता होने की पुष्टि की है और यह भी दोहराया है कि व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में बातचीत लगातार जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *