गाजा: फ़िलिस्तीनी कृषि मंत्रालय की एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2023 से 2025 के बीच गाजा में हुए युद्ध के दौरान कृषि क्षेत्र को अभूतपूर्व और व्यापक नुकसान पहुंचा, जिससे पूरे क्षेत्र की कृषि उत्पादन प्रणाली लगभग पूरी तरह ठप हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, गाजा के अधिकांश कृषि क्षेत्रों का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा प्रभावित हुआ है। यह आकलन उच्च-रिज़ॉल्यूशन हवाई तस्वीरों, जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम (GIS) और आधिकारिक कृषि डेटाबेस के आधार पर तैयार किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कृषि क्षेत्र को कुल 3.49 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। इसमें 1.90 अरब डॉलर की प्रत्यक्ष क्षति और 1.59 अरब डॉलर का अप्रत्यक्ष नुकसान शामिल है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि फसल उत्पादन में आई भारी गिरावट ने गाजा की स्थानीय स्तर पर खाद्यान्न उत्पादन क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। कुल 1,82,247 डुनम कृषि भूमि में से 1,58,909 डुनम भूमि क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जो खेती योग्य भूमि का 87.1 प्रतिशत है।
इसके अलावा कृषि सिंचाई व्यवस्था भी लगभग पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। और 8,700 कृषि जल कुएं पूरी तरह अनुपयोगी हो गए, 3,828 जल भंडारण टैंक क्षतिग्रस्त हुए और 1,371 किलोमीटर लंबी कृषि जल पाइपलाइन नष्ट हो गई। इसके कारण खेती के लिए पानी की उपलब्धता पर भी गंभीर असर पड़ा है।
इंसानो के अलावा पशुपालन क्षेत्र में भी भारी तबाही दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस क्षेत्र को 90.3 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा। 5,450 से अधिक पशुपालन फार्म और 2,300 पोल्ट्री फार्म नष्ट हो गए। इसके अलावा, लगभग 69,000 पशुओं और 27.9 लाख पोल्ट्री पक्षियों की मौत हुई, जबकि 28,400 मधुमक्खी के छत्ते भी क्षतिग्रस्त हुए।
मत्स्य पालन क्षेत्र भी इस विनाश से अछूता नहीं रहा। 1,674 मछली पकड़ने वाली नावें और नौकाएं, सात फिश फार्म तथा लगभग 450 ड्यूल-यूज़ फिश पॉन्ड क्षतिग्रस्त हुए। गाजा की एकमात्र फिश हैचरी भी नष्ट हो गई, जिससे मत्स्य पालन और जलीय कृषि गतिविधियां लगभग पूरी तरह रुक गईं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि कृषि अवसंरचना को व्यापक नुकसान पहुंचा है। 93 पौध नर्सरी, 18 हैचरी और 134 कृषि कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं लगभग पूरी तरह नष्ट हो गईं। इसके अलावा सरकारी कृषि केंद्र, पशु चिकित्सा प्रयोगशालाएं, अनुसंधान केंद्र, जल शोधन सुविधाएं, मछुआरों के बंदरगाह और कृषि सेवाओं से जुड़ी अन्य संरचनाएं भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं।
फ़िलिस्तीनी कृषि मंत्रालय का कहना है कि इस व्यापक विनाश ने गाजा की कृषि व्यवस्था को लगभग निष्क्रिय कर दिया है। इसके परिणामस्वरूप पूरे क्षेत्र में खाद्य असुरक्षा और गहरा गई है तथा हजारों परिवार अपनी आजीविका खोकर मानवीय और आपातकालीन सहायता पर निर्भर हो गए हैं।
रिपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय समुदाय, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों और दाता संगठनों से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की गई है। मंत्रालय ने कृषि अवसंरचना के पुनर्निर्माण, किसानों, मछुआरों और पशुपालकों को दोबारा उत्पादन शुरू कराने तथा गाजा में खाद्य सुरक्षा और आर्थिक पुनर्बहाली के लिए शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
