गाजा सिविल डिफेंस ने बुधवार को एक इजरायली हमले को लेकर गंभीर चिंता जताई, जिसमें एक ही फिलिस्तीनी परिवार के सभी सदस्यों की मौत हो गई। सिविल डिफेंस के मुताबिक, सोमवार तड़के एक घर पर हवाई हमला हुआ। हमले के बाद घर में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा परिवार आग की चपेट में आ गया। इस हादसे में पिता, मां और उनके बच्चों की मौत हो गई। बचाव दल समय रहते घर तक नहीं पहुंच सका और परिवार के किसी भी सदस्य को बचाया नहीं जा सका।
सिविल डिफेंस ने कहा कि गाजा में लगातार जारी हमलों के बीच बचाव और राहत दलों के सामने हर दिन मानवीय त्रासदी के नए मामले आ रहे हैं। हालांकि, युद्ध के कारण उपकरणों और जरूरी संसाधनों की भारी कमी ने उनकी काम करने की क्षमता को बुरी तरह प्रभावित किया है।
एजेंसी के अनुसार, गाजा गवर्नरेट में उसकी आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता अब घटकर महज 25 प्रतिशत रह गई है। सिविल डिफेंस का एक प्रमुख स्टेशन करीब एक महीने से बंद है। तेल, स्पेयर पार्ट्स और बैटरियों की कमी के कारण दमकल और बचाव वाहनों को चलाना मुश्किल हो गया है।
सिविल डिफेंस ने कहा कि घरों और नागरिकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बीच सीमित संसाधनों के कारण बचाव दल हर आपातकालीन कॉल पर तुरंत पहुंचने में सक्षम नहीं हैं। एजेंसी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, मानवीय संगठनों और संघर्षविराम समझौते की गारंटी देने वाले देशों से तत्काल कदम उठाने की अपील की है। उसने गाजा में बचाव वाहन, अग्निशमन उपकरण और जरूरी आपातकालीन सामान पहुंचाने की मांग की है, ताकि राहतकर्मी अपनी मानवीय जिम्मेदारी निभा सकें और नागरिकों की जान बचाई जा सके।
