श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के युवाओं की प्रतिभा का डंका एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बजा है। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के विहिल गांव के रहने वाले युवा एथलीट साकिब बिलाल ने इंटरनेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनका गृह क्षेत्र बल्कि पूरा जम्मू-कश्मीर गर्व से गदगद है।
साकिब की यह उपलब्धि उनकी वर्षों की अथक मेहनत, कड़े अनुशासन और खेल के प्रति गहरी लगन का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद साकिब ने असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया और देश के साथ-साथ अपने प्रदेश का नाम रोशन किया।
इसी के साथ आपको बता दें की इस सफलता के पीछे उनके कोच अमीर नज़ीर का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण रहा। कोच अमीर नज़ीर की सही रणनीतियों, कठोर प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन की बदौलत ही साकिब इस मुकाम तक पहुंच सके।
साकिब बिलाल की यह जीत जम्मू-कश्मीर के अन्य उभरते हुए खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत का काम करेगी। स्थानीय निवासियों और खेल प्रेमियों ने साकिब और उनके कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
