फैक्ट चेक: राजीव गांधी की पुरानी तस्वीर में सूटकेस उठाए शख्स मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं, सिद्धार्थ रेड्डी हैं

सोशल मीडिया पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की एक पुरानी तस्वीर इन दिनों तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में राजीव गांधी के साथ उनके बेटे राहुल गांधी समेत कई अन्य लोग नजर आ रहे हैं। इसी तस्वीर में एक व्यक्ति को दो सूटकेस उठाए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस व्यक्ति को कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बताकर दावा कर रहे हैं।

वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, ‘जिस व्यक्ति के हाथ मैं अटैची नजर आ रही है वो कौन है? यह है अपने आप को सबसे बड़ा दलित मानने वाले वर्तमान मैं कांग्रेस अध्यक्ष ओर गांधी परिवार के चापलूस मल्लिकार्जुन खड़गे, इस काम के बदले आज ये अध्यक्ष है यह इज्जत थी गांधी परिवार के मन मैं दलितों के लिए। जिन्हें एक नौकर की तरह समझा जाता था अब खुद ही सोचिए कि दलित विरोधी कौन है…..!

वहीं, Janardan Mishra नामक यूजर ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘वोह तब भी खड़े थे वो आज भी खड़े हैं, श्रीमान खड़गे…….’

इसके अलावा कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस तस्वीर को मल्लिकार्जुन खड़गे की पुरानी तस्वीर बताते हुए शेयर किया है। जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

Times Headline की पड़ताल

Times Headline की जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा भ्रामक है। तस्वीर में सूटकेस उठाए नजर आ रहे व्यक्ति मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं, बल्कि सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जो पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी सहयोगी और मित्र बताए जाते हैं।

तस्वीर की पड़ताल के लिए सबसे पहले रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली गई। जांच के दौरान यही तस्वीर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा 21 मई 2024 को सोशल मीडिया पर साझा की गई मिली। राहुल गांधी ने इसे अपने पिता राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर पोस्ट किया था। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा था, ‘पापा, आपके सपने, मेरे सपने, आपकी आकांक्षाएं, मेरी ज़िम्मेदारियां। आपकी यादें, आज और हमेशा, दिल में सदा।’

इसके बाद मल्लिकार्जुन खड़गे की युवावस्था की तस्वीरों की जांच की गई। इस दौरान खड़गे द्वारा 21 मई 2021 को साझा की गई एक तस्वीर भी मिली, जिसमें वह राजीव गांधी के साथ दिखाई दे रहे हैं। दोनों तस्वीरों की तुलना करने पर साफ होता है कि वायरल तस्वीर में दिखाई दे रहा व्यक्ति मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं है।

खड़गे की पुरानी तस्वीरों से जुड़ी अन्य सामग्री की जांच में Zee News Kannada की वेबसाइट पर प्रकाशित कई तस्वीरें भी मिलीं। इन तस्वीरों में खड़गे के युवा रूप की तुलना वायरल तस्वीर में मौजूद व्यक्ति से करने पर दोनों के चेहरे और शारीरिक बनावट में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।

कौन हैं तस्वीर में नजर आ रहे शख्स?

आगे की पड़ताल में वायरल तस्वीर में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान सिद्धार्थ रेड्डी के तौर पर सामने आई। tv9telugu की 11 जून 2021 की एक रिपोर्ट में राजीव गांधी के साथ सिद्धार्थ रेड्डी की तस्वीरें प्रकाशित की गई थीं। इन तस्वीरों को वायरल तस्वीर से मिलाने पर काफी समानताएं दिखाई देती हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पॉलिटिक्स पार्टी डॉट कॉम पत्रिका के संस्थापक सिद्धार्थ रेड्डी का निधन हो गया था। पेशे से इंजीनियर सिद्धार्थ रेड्डी राजीव गांधी के करीबी माने जाते थे। रिपोर्ट में बताया गया कि प्रधानमंत्री और विपक्ष में रहने के दौरान भी उन्होंने राजीव गांधी का समर्थन किया। राजीव गांधी के निधन के बाद सिद्धार्थ रेड्डी भाजपा में शामिल हो गए और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में भी काम किया।

इस दावे की पुष्टि के लिए Times Headline ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय के कम्युनिकेशन इंचार्ज प्रणव झा से भी संपर्क किया। प्रणव झा ने बताया कि तस्वीर में दिखाई दे रहे व्यक्ति सिद्धार्थ रेड्डी हैं और वह राजीव गांधी के दोस्त थे। उन्होंने यह भी बताया कि सिद्धार्थ रेड्डी की शादी कर्नाटक की पूर्व सांसद तारादेवी से हुई थी।

निष्कर्ष

Times Headline की पड़ताल से स्पष्ट है कि राजीव गांधी के साथ वायरल हो रही पुरानी तस्वीर में दो सूटकेस उठाए नजर आ रहे व्यक्ति मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं हैं। उपलब्ध तस्वीरों और संबंधित जानकारी के आधार पर वह व्यक्ति सिद्धार्थ रेड्डी हैं, जो राजीव गांधी के करीबी मित्र और सहयोगी रहे थे।

इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर को मल्लिकार्जुन खड़गे की बताते हुए किया जा रहा दावा भ्रामक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *