लंदन: ब्रिटेन ने फिलिस्तीन के पश्चिमी तट पर इजरायली कब्जे को ‘गैरकानूनी’ करार देते हुए इजरायली बस्तियों से आने वाले सामान के आयात पर व्यापार प्रतिबंध की पुष्टि की है। ब्रिटिश विदेश मंत्री ने कहा कि पश्चिमी तट में इजरायली बस्तियों का लगातार विस्तार और फिलिस्तीनी नागरिकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा गंभीर चिंता का विषय है। ब्रिटेन का कहना है कि बस्तियों से होने वाला व्यापार उनके विस्तार को आर्थिक समर्थन दे सकता है।
ब्रिटेन के नए कदमों में इजरायली बस्तियों से आने वाले सामान के आयात पर रोक, बस्ती विस्तार से जुड़े लोगों और संस्थाओं पर प्रतिबंध तथा कब्जे को मजबूत करने वाली गतिविधियों के खिलाफ अतिरिक्त कार्रवाई शामिल है। इस फैसले के साथ ब्रिटेन उन देशों में शामिल हो गया है जो इजरायली बस्तियों से जुड़े सामान और गतिविधियों के खिलाफ आर्थिक एवं कूटनीतिक कदम उठा रहे हैं। फ्रांस और कनाडा समेत कई देशों ने भी बस्ती विस्तार को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।
ब्रिटेन का यह फैसला ऐसे समय आया है जब पश्चिमी तट में इजरायली बस्तियों के विस्तार को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस तेज है। फिलिस्तीनी पक्ष का कहना है कि बस्तियों का विस्तार भविष्य में एक स्वतंत्र और निरंतर फिलिस्तीनी राज्य की संभावना को कमजोर करता है।
