बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के युवा मुक्केबाज अदनान अहमद ने दुबई में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तानी मुक्केबाज अबूबकर शेख को हरा दिया। 6 नवंबर की रात दुबई के निक्की बीच, पर्ल जुमेराह में आयोजित इस मुकाबले में अदनान ने जीत दर्ज कर अपने परिवार और गृह जिले का नाम रोशन किया।
इस मुकाबले को लेकर भारत और पाकिस्तान के खेल प्रेमियों के बीच काफी उत्साह था। दोनों मुक्केबाजों के बीच यह मुकाबला सोशल मीडिया पर शुरू हुई चुनौती के बाद आयोजित किया गया था। अबूबकर शेख ने सोशल मीडिया के जरिए अदनान को मुकाबले की चुनौती दी थी, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था।

अदनान अहमद उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रमजानपुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता सलमान जमीर सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी हैं। अदनान ने बरेली के हार्टमन कॉलेज से इंटरमीडिएट और गोवा से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। वह गोवा के ग्रैंड हयात होटल में नौकरी भी कर चुके हैं।
हालांकि, फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग के प्रति अपने जुनून के चलते उन्होंने होटल की नौकरी छोड़कर खेल की दुनिया में आगे बढ़ने का फैसला किया।

दुबई में अदनान की जीत की खबर मिलते ही बदायूं के रमजानपुर गांव और उनके परिवार में खुशी का माहौल बन गया। उनकी इस उपलब्धि पर रिश्तेदारों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी।अदनान की यह जीत उनके संघर्ष, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
