भारी बारिश के कारण गाज़ा पट्टी में विस्थापितों के शिविरों और टेंटों में पानी भर गया है। इससे लाखों फिलिस्तीनी और भी खराब मानवीय स्थितियों का सामना करने को मजबूर हो गए हैं। संयुक्त राष्ट्र और फिलिस्तीनी गुटों ने तत्काल सर्दियों के लिए जरूरी सामान, रहने के लिए ख़ेमे बनाने की सामग्री और भारी उपकरणों को वहां पहुंचाने की अपील की है। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) ने शनिवार को चेतावनी दी कि बाढ़ ने क्षतिग्रस्त इमारतों और बाढ़ संभावित इलाकों में रह रहे परिवारों के लिए खतरा पैदा कर दिया है। वहीं, मानवीय सहायता संगठन जरूरी चीजों की भारी कमी के बीच लोगों की मदद करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

OCHA के मुताबिक़, गाज़ा के लगभग 21 लाख (2.1 मिलियन) निवासियों में से ज्यादातर फ़िलिस्तीनी विस्थापित हैं। इनमें से कई लोग ऐसे टेंटों में रह रहे हैं जो काफी खराब हालत में हैं और बारिश व ठंड से बहुत कम सुरक्षा दे पाते हैं।
बेघर फिलिस्तीनी के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (UNRWA) ने बताया कि गाज़ा की लगभग 94% आबादी यानी 19.8 लाख (1.98 मिलियन) लोगों को रहने और खाने के अलावा अन्य जरूरी सहायता की जरूरत है। यह आंकड़े सर्दियों के करीब आने के साथ पैदा हुए मानवीय संकट की गंभीरता को दर्शाते हैं।

OCHA ने बताया कि मानवीय सहायता टीमों ने प्रभावित परिवारों को आपातकालीन राहत सामग्री बांटना शुरू कर दिया है, लेकिन बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए उपलब्ध स्टॉक काफी नहीं है। एजेंसी ने सर्दियों के लिए जरूरी सामान, भारी मशीनरी, इंजन ऑयल और स्पेयर पार्ट्स को तुरंत वहां पहुंचाने की मांग की है। इन चीजों की जरूरत मानवीय कार्यों में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और जनरेटरों को चलाने के लिए है।

एजेंसी ने चेतावनी दी है कि महीनों से लगी पाबंदियों और फंड की कमी के कारण सर्दियों की तैयारियों पर बहुत बुरा असर पड़ा है। इस वजह से निचले इलाकों और बहुत ज्यादा भीड़भाड़ वाले तंबू शिविरों में रह रहे विस्थापित परिवार सबसे ज्यादा खतरे में हैं।
