ब्रिटेन सरकार उच्च शिक्षा हासिल करने वाले छात्रों के लिए एक नई वित्तीय सहायता योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसका नाम ‘अल्टरनेटिव स्टूडेंट फाइनेंस’ (Alternative Student Finance) रखा गया है। इस योजना का उद्देश्य उन छात्रों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, जो धार्मिक मान्यताओं के कारण ब्याज आधारित कर्ज लेना उचित नहीं समझते।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस योजना की शुरुआत 2026-27 शैक्षणिक सत्र में हो सकती है। इसके तहत पारंपरिक ब्याज आधारित छात्र ऋण के बजाय इस्लामिक वित्तीय सिद्धांतों के अनुरूप एक वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी। इसमें छात्रों से प्राप्त भुगतान का इस्तेमाल भविष्य में दूसरे जरूरतमंद छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए किया जाएगा।

इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसका लाभ केवल मुस्लिम छात्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले किसी भी धर्म के छात्र इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। भुगतान की शर्तें भी सामान्य छात्र ऋण व्यवस्था के समान रखी जाएंगी।
हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर ब्रिटेन में राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। रिफॉर्म पार्टी की नेता सुएला ब्रेवरमैन ने इस योजना की आलोचना करते हुए इसे दोहरी शिक्षा व्यवस्था करार दिया है।

वहीं, ब्रिटिश सरकार का कहना है कि यह किसी विशेष धार्मिक समुदाय को आर्थिक लाभ पहुंचाने की योजना नहीं है, बल्कि उन सभी छात्रों को उच्च शिक्षा का समान अवसर देने की पहल है, जो अपने धार्मिक या नैतिक विश्वासों के कारण ब्याज आधारित कर्ज लेने से परहेज करते हैं।
