अमेरिका में मुस्लिम समुदाय और इस्लामिक धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाली घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अमेरिकी मुस्लिम नागरिक अधिकार संगठन काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस (CAIR) के मुताबिक, मई से जुलाई 2026 के बीच मस्जिदों और इस्लामिक धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाली घटनाओं में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 183 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
CAIR ने 28 जुलाई 2026 को जारी अपनी रिपोर्ट में बताया कि मई, जून और जुलाई के दौरान अमेरिका में मस्जिदों और इस्लामिक धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की कुल 17 घटनाएं दर्ज की गईं। जबकि पिछले साल इसी अवधि में ऐसी केवल 6 घटनाएं सामने आई थीं।
रिपोर्ट के अनुसार, इन घटनाओं में मस्जिद पर हमला, हिंसा की धमकियां, आगजनी, डराने-धमकाने और धार्मिक आधार पर इस्लामिक धार्मिक स्थलों के निर्माण या मौजूदगी का विरोध जैसी घटनाएं शामिल हैं।

CAIR ने बताया कि मई 2026 में सैन डिएगो स्थित इस्लामिक सेंटर पर हुए हमले के बाद संगठन ने मस्जिदों को निशाना बनाने वाली घटनाओं पर विशेष निगरानी शुरू की थी। इस हमले में तीन लोगों की जान चली गई थी।
संगठन के मुताबिक, 2025 में पूरे साल के दौरान अमेरिका में मस्जिदों, इस्लामिक सेंटरों और अन्य मुस्लिम धार्मिक संस्थानों को निशाना बनाने की कुल 33 घटनाएं दर्ज की गई थीं। मई से जुलाई 2026 के बीच दर्ज 17 घटनाएं पिछले साल के पूरे आंकड़े का लगभग 51 प्रतिशत हैं।
CAIR ने मुस्लिम समुदाय के नेताओं और मस्जिदों के प्रबंधन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। संगठन ने मस्जिदों और सामुदायिक केंद्रों की सुरक्षा के लिए अपनी गाइडलाइन को भी अपडेट करने की बात कही है।
