गाज़ा में मानवीय सहायता की मांग का समर्थन करने वाले 50 देशों में भारत भी शामिल, इज़राइल से फ़ौरन राहत पहुंचाने की अपील

गाज़ा में बिगड़ती मानवीय स्थिति और सर्दियों के बढ़ते खतरे के बीच भारत ने मानवीय सहायता पहुंचाने की मांग का समर्थन किया है। भारत उन 50 संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों में शामिल हो गया है, जिन्होंने गाजा में सुरक्षित, निरंतर और बिना किसी बाधा के मानवीय सहायता तथा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की है।

12 नवंबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, न्यूयॉर्क में इस संबंध में एक संयुक्त बयान जारी किया गया। यह पहल ब्रिटेन, कतर और जॉर्डन की अगुवाई में की गई। ब्रिटेन की संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि राजदूत सारा मैकिंटोश ने सदस्य देशों की ओर से यह बयान पेश किया।

भारत की ओर से संयुक्त राष्ट्र में उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल ने इस पहल में हिस्सा लिया। भारत के स्थायी मिशन ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि सर्दियों की शुरुआत के साथ गाज़ा के पीड़ित नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, निरंतर और निर्बाध मानवीय सहायता बेहद जरूरी है।

संयुक्त बयान में इजराइल की नई सरकार से गाजा के सभी इलाकों में तेजी से और बिना किसी बाधा के मानवीय सहायता पहुंचाने की व्यवस्था करने की अपील की गई।

देशों ने मिस्र और जॉर्डन के रास्ते मानवीय सहायता गलियारों को सुचारू रूप से संचालित करने तथा आवश्यक राहत सामग्री के प्रवेश की अनुमति देने की मांग की।

इसके अलावा, गाज़ा में ऐसे मरीजों और घायलों के लिए पूर्वी यरुशलम और वेस्ट बैंक के अस्पतालों में इलाज की सुविधा बहाल करने की मांग की गई, जिनका उपचार गाजा में संभव नहीं है।

संयुक्त बयान में अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत स्वास्थ्यकर्मियों, अस्पतालों और चिकित्सा परिवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही, मानवीय सहायता और स्वास्थ्यकर्मियों पर हुए हमलों की पारदर्शी जांच जल्द पूरी करने की मांग की गई।
इन देशों ने सर्दियों के दौरान गाजा के लोगों की मदद के लिए आश्रय, पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग का भी संकल्प जताया।

भारत ने इस पहल के माध्यम से आम नागरिकों की सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं स्थिरता के लिए नए प्रयासों की आवश्यकता दोहराई।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *