सोफ़िया अशरफ़: संघर्ष से सफलता तक, एक आवाज़ जो बदलाव बनी

चेन्नई की सड़कों पर बुर्क़ा पहनकर रैप करने वाली सोफ़िया अशरफ़ आज भारत की उन गिनी-चुनी कलाकारों में हैं, जिन्होंने संगीत को सिर्फ़ मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का औज़ार बना दिया। उनका सफ़र एक ऐसी सफलता की कहानी है, जो साहस, संघर्ष और आत्म-अभिव्यक्ति से होकर गुज़रती है।

सोफ़िया का नाम पहली बार तब चर्चा में आया जब उन्होंने तमिलनाडु की राजनीति पर तीखा रैप किया। जे. जयललिता के निधन के बाद वी.के. शशिकला के मुख्यमंत्री बनने के विरोध में गाया गया उनका गीत सिर्फ़ एक प्रदर्शन नहीं था, बल्कि यह दिखाता था कि एक युवा महिला कलाकार सत्ता से सवाल पूछने का हौसला रखती है। यहीं से “बुर्क़ा रैपर” के रूप में उनकी पहचान बनी और एक नए रैप स्टार का जन्म हुआ।

केरल की मूल निवासी सोफ़िया का पालन-पोषण चेन्नई में हुआ। वह एक रूढ़िवादी मलाबारी मुस्लिम परिवार से आती हैं, जहाँ एक लड़की होने के नाते उन्हें नाचने, खेल खेलने और सपने देखने तक की अनुमति नहीं थी। लेकिन मंच, संगीत और अभिव्यक्ति के प्रति उनका प्रेम कभी कम नहीं हुआ। रैप, जो अपने ग़ुस्से और बेबाकी के लिए जाना जाता है, उन्होंने अपनी बात कहने का ज़रिया बना लिया ।

कॉलेज के दिनों में, स्टेला मैरीज़ कॉलेज में एमए (ग्राफ़िक डिज़ाइन) करते हुए, उन्होंने हिजाब पहनकर रैप करना शुरू किया। यह न सिर्फ़ पारिवारिक सीमाओं को चुनौती देना था, बल्कि समाज में मुस्लिम महिलाओं को लेकर बनी धारणाओं के ख़िलाफ़ भी एक बयान था। यहीं से उनकी रचनात्मक यात्रा ने उड़ान भरी।

सोफ़िया के गीत और वीडियो महिलाओं से जुड़े उन मुद्दों को उठाते हैं, जिन पर अक्सर चुप्पी साध ली जाती है। ‘Any Good News’ में वह उस सोच पर व्यंग्य करती हैं, जहाँ एक महिला की “अच्छी ख़बर” सिर्फ़ शादी या गर्भावस्था मानी जाती है। ‘I Can’t Do Sexy’ समाज द्वारा तय किए गए सुंदरता के मानकों को हास्य और आत्म-व्यंग्य के साथ तोड़ता है। वही ‘Period Pattu’ में वह माहवारी जैसे विषय पर बिना झिझक, लोक कथात्मक शैली में बात करती हैं और समझ की चुप्पी को तोड़ती हैं।

उनका नारीवाद सैद्धांतिक नहीं, बल्कि अनुभवों से उपजा है। वह खुलकर कहती हैं कि बचपन में कई बार उन्होंने भगवान से लड़का बनने की प्रार्थना की, क्योंकि लड़की होना उनके लिए सीमाओं से भरा था। यही अनुभव उनकी रचनाओं को सच्चाई और गहराई देता है।

सोफ़िया ने अपने संगीत के ज़रिए कॉर्पोरेट ज़िम्मेदारी का सवाल भी उठाया। भोपाल गैस त्रासदी में डाउ केमिकल्स के ख़िलाफ़ उनका गीत और कोडाइकनाल में हिंडुस्तान यूनिलीवर के ख़िलाफ़ चलाया गया रैप अभियान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हुआ।
विज्ञापन जगत में ओगिल्वी एंड मेदर से करियर शुरू कर उन्होंने कई लोकप्रिय विज्ञापनों की स्क्रिप्ट और निर्देशन किया। उनकी प्रतिभा ने ए.आर. रहमान का ध्यान खींचा और वे वर्षों तक उनकी टीम का हिस्सा रहीं।

आज सोफ़िया हिमालय की शांति में एनजीओ क्रांति के साथ काम कर रही हैं, जहाँ वह रेड-लाइट इलाक़ों की लड़कियों के साथ रचनात्मक काम कर रही हैं। लेखन और फ़िल्म निर्माण पर ध्यान देते हुए भी वह संगीत से जुड़े रहने का वादा करती हैं।

सोफ़िया अशरफ़ की कहानी इस बात का प्रमाण है कि जब एक महिला अपनी आवाज़ को पहचान लेती है, तो वह सिर्फ़ अपनी ज़िंदगी नहीं बदलती, बल्कि समाज की सोच को भी चुनौती देती है। यह सच मायनों में संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *