देवबंद में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराने का वीडियो अफगानिस्तान का बताकर किया गया वायरल, सच्चाई कुछ और निकली

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोग भारतीय तिरंगा फहराते हुए दिखाई देते हैं और उसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाते हुए नजर आते हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को अफगानिस्तान का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।

वायरल वीडियो को शेयर करते हुए मिस. भूमि नाम की एक यूजर ने लिखा, ‘अफ़ग़ानिस्तान में भारत का राष्ट्रगान अब अखंड भारत दूर नहीं’।

इसके अलावा भी कई अन्य यूजर्स इस वीडियो को अफगानिस्तान का बताकर सोशल मीडिया पर साझा कर चुके हैं। जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

Times headline की टीम ने जब वायरल वीडियो की जांच की तो पाया कि यह दावा भ्रामक है। वीडियो अफगानिस्तान का नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित दारुल उलूम देवबंद का है।

जांच के दौरान वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया गया। इस दौरान पता चला कि कई मीडिया प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया यूजर्स ने 26 और 27 जनवरी को इसी वीडियो को देवबंद में गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के रूप में शेयर किया था।

आगे की जांच में वीडियो के बैकग्राउंड में दिखाई दे रही मस्जिद पर ध्यान दिया गया। इसके बाद देवबंद की मस्जिदों से संबंधित तस्वीरों और वीडियो से तुलना की गई। तुलना करने पर स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही मस्जिद दरअसल देवबंद की प्रसिद्ध मस्जिद-ए-रशीद है।

इस मामले में अधिक जानकारी के लिए Times headline की टीम ने दारुल उलूम देवबंद से जुड़े मौलाना मूसा क़ासमी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो अफगानिस्तान का नहीं है, बल्कि दारुल उलूम देवबंद का ही है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो के बैकग्राउंड में दिखाई देने वाली मस्जिद देवबंद की मशहूर मस्जिद-ए-रशीद है, जिसे जामे रशीद मस्जिद, मस्जिद-ए-रशीदियह और ताज मस्जिद के नाम से भी जाना जाता है।

निष्कर्ष

Times headline की जांच में यह साफ हो गया है कि सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान का बताकर वायरल किया जा रहा वीडियो भ्रामक है। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के दारुल उलूम देवबंद का है, जहां 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया गया और राष्ट्रगान गाया गया। इसलिए सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा गलत और भ्रामक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *