फैक्ट चेक: 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में हेडमास्टर नहीं, सुरेंद्र सिंह निकला असली आरोपी

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से जुड़ी एक दर्दनाक घटना को लेकर सोशल मीडिया और कुछ न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक जानकारी वायरल हो रही है। न्यूज़ पोर्टल ऑप इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि तरयासुजान थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाली 5 साल की बच्ची के साथ स्कूल के मैनेजर नईमुद्दीन ने दुष्कर्म किया।

रिपोर्ट में बताया गया कि बच्ची स्कूल से घर लौटी तो उसकी हालत बेहद गंभीर थी और वह खून से लथपथ थी। परिजनों के अनुसार, बच्ची शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) की सुबह स्कूल गई थी। दोपहर में जब वह घर लौटी तो उसकी हालत बेहद खराब थी और शरीर से लगातार खून बह रहा था। यह देखकर माँ घबरा गई और तुरंत खेत में काम कर रहे पिता को बुलाया गया। इसके बाद परिजन बच्ची को अस्पताल ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उसे कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। एक महिला चिकित्सक ने भी कहा कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है, हालाँकि अंतिम मेडिकल रिपोर्ट अभी आना बाकी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीड़िता का बयान दर्ज कर परिजनों की तहरीर पर FIR दर्ज की गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों पर भी संदेह जताया गया।

फैक्ट चेक :

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए Times Headline ने इस मामले से जुड़े विभिन्न कीवर्ड्स के आधार पर जांच की। इस दौरान कई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट्स सामने आईं।

 Dainik Bhaskar और ETV Bharat की रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस जांच में यह सामने आया कि स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची पास के एक आम के बगीचे में आम बिनने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।

जांच, पूछताछ और स्थानीय स्तर पर छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में की। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान सुरेंद्र सिंह ने अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया।

इसके अलावा, Kushinagar Police द्वारा जारी आधिकारिक बयान में भी साफ किया गया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला असली आरोपी सुरेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय रामरतन सिंह, निवासी विरवट कोन्हवलिया, थाना तरयासुजान, जनपद कुशीनगर है।

निष्कर्ष:

इस मामले में वायरल की जा रही खबर भ्रामक और अधूरी जानकारी पर आधारित है। पुलिस जांच में स्पष्ट हो चुका है कि इस जघन्य अपराध का आरोपी सुरेंद्र सिंह है, न कि स्कूल का मैनेजर नईमुद्दीन। ऐसे में बिना पुष्टि के किसी अन्य व्यक्ति को आरोपी बताना न सिर्फ गलत है, बल्कि इससे समाज में भ्रम और तनाव भी फैल सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *